धार में रॉन्ग साइड से आए ट्रॉले ने ईको वैन को मारी टक्कर, 6 युवकों की मौत

HIGHLIGHTS
- हादसा पंचकवासा के पास रविवार दोपहर हुआ
- मृतक सभी युवक गुजरात के वडोदरा से आए थे
- एक युवक गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती
इंदौर। धार-उज्जैन फोरलेन पर ग्राम पंचकवासा के पास रविवार दोपहर करीब 1 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में गुजरात के वडोदरा से आए 6 युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। सभी युवक उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर के दर्शन करने के बाद मारुति ईको वैन (GJ 17 CK 6134) से गुजरात लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी वैन हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना में एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
रॉन्ग साइड से आ रहा था अनियंत्रित ट्रॉला
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बदनावर-उज्जैन फोरलेन पर लोहे के सामान से भरा ट्रॉला (GJ 39 DB 9248) रॉन्ग साइड से तेज गति में उज्जैन की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही ईको वैन की ट्रॉले से आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ईको वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी 6 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रॉला चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बदनावर टीआई अमित सिंह कुशवाह, तहसीलदार सुरेश नागर और एसडीएम प्रियंका मिमरोद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस ने मिलकर कार की खिड़की का कांच तोड़ा और काफी मशक्कत के बाद शवों और गंभीर रूप से घायल युवक को बाहर निकाला।
घायल युवक को तत्काल एंबुलेंस की मदद से बदनावर सिविल अस्पताल भेजा गया। सभी मृतकों के शवों का पंचनामा तैयार कर उन्हें सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है, जहां उनका पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
परिजनों को दी गई सूचना
पुलिस ने मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों को गुजरात में हादसे की जानकारी दे दी है। वहीं, पुलिस ने फरार ट्रॉला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए फोरलेन पर यातायात भी प्रभावित हुआ, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सुचारू कराया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.