CJP प्रोटेस्ट से पहले ध्रुव राठी हिरासत में, दिल्ली पुलिस ने गुरुग्राम वाले घर से उठाया

HIGHLIGHTS
- दिल्ली पुलिस की टीम सुबह करीब 7:48 बजे गुरुग्राम के सेक्टर-56 स्थित ध्रुव राठी के आवास पर पहुंची।
- सूत्रों के मुताबिक, करीब 50 पुलिसकर्मियों की टीम देर रात से घर के बाहर मौजूद थी।
- ध्रुव राठी को हिरासत में लेने के कारण की आधिकारिक पुष्टि और विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
गुरुग्राम: सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ध्रुव राठी को दिल्ली पुलिस ने गुरुग्राम स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया है। जानकारी के अनुसार, दिल्ली पुलिस की टीम सुबह करीब 7:48 बजे सेक्टर-56 के केंद्रीय विहार स्थित उनके घर पहुंची। बताया जा रहा है कि ध्रुव राठी की मां के दरवाजा खोलते ही पुलिसकर्मी घर के भीतर दाखिल हो गए। सूत्रों के मुताबिक, करीब 50 पुलिसकर्मियों की टीम देर रात से ही उनके घर के बाहर मौजूद थी। इसके बाद पुलिस ध्रुव राठी को अपने साथ ले गई। हालांकि, उन्हें किस मामले में हिरासत में लिया गया है, इस संबंध में अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और न ही विस्तृत जानकारी सामने आई है।
वहीं, CJP के X हैंडल पर किए गए एक पोस्ट में दावा किया गया कि सुबह करीब 8 बजे सादे कपड़ों में लगभग 50 पुलिसकर्मी गुरुग्राम स्थित ध्रुव राठी के घर पहुंचे और उन्हें हिरासत में ले लिया।
कौन हैं ध्रुव राठी?
ध्रुव राठी भारतीय यूट्यूबर, वीडियो क्रिएटर और सोशल मीडिया पर्सनैलिटी हैं। उनका जन्म 8 अक्टूबर 1994 को हरियाणा के रोहतक में हुआ था। उनके वीडियो में राजनीति के साथ-साथ सामाजिक मुद्दों, पर्यावरण, अर्थव्यवस्था और समसामयिक घटनाओं पर भी चर्चा की जाती है। वह खास तौर पर ऐसे वीडियो के लिए पहचाने जाते हैं, जिनमें किसी मुद्दे को आंकड़ों, उदाहरणों और विजुअल्स की मदद से समझाने का प्रयास किया जाता है।
ध्रुव राठी ने शुरुआती पढ़ाई हरियाणा में की, जिसके बाद उच्च शिक्षा के लिए जर्मनी चले गए। उन्होंने जर्मनी के कार्लज़ूहे प्रौद्योगिकी संस्थान से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बैचलर डिग्री और रिन्यूएबल एनर्जी इंजीनियरिंग में मास्टर डिग्री हासिल की। उनकी इंजीनियरिंग की पृष्ठभूमि शुरुआती कंटेंट में भी नजर आती थी, जब वह तकनीक और पर्यावरण से जुड़े विषयों पर वीडियो बनाते थे।
उन्होंने यूट्यूब पर अपने सफर की शुरुआत एक ट्रैवल व्लॉग से की थी। बाद में उनके वीडियो का दायरा बढ़ा और सामाजिक व राजनीतिक मुद्दे उनके कंटेंट का अहम हिस्सा बन गए। अल-जजीरा को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि उनका पहला वीडियो ट्रैवल व्लॉग था, जिसे उन्होंने आईफोन 5एस से शूट किया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने करीब 2013 में वीडियो बनाना शुरू किया था। शुरुआती दौर में उनका ध्यान तकनीक और पर्यावरण से जुड़े विषयों पर था, लेकिन बाद में राजनीतिक और सामाजिक मुद्दे उनके चैनल पर प्रमुखता से आने लगे।
बहादुरगढ़ में पुलिस अलर्ट, दिल्ली जाने वाले रास्तों पर नाकेबंदी
दिल्ली में CJP के प्रदर्शन को देखते हुए बहादुरगढ़ में पुलिस अलर्ट पर है। दिल्ली की ओर जाने वाले रास्तों पर नाकेबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही है। पुलिसकर्मी दिल्ली जाने वाले लोगों से पूछताछ कर रहे हैं, जबकि संदिग्ध वाहनों और बसों की भी तलाशी ली जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नाकों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
पुलिस ने टिकरी बॉर्डर, झाड़ौदा बॉर्डर, यूईआर, रोहद टोल प्लाजा और कानोंदा से दिल्ली जाने वाले रास्तों पर नाके लगाए हैं। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से की जा रही है।
सोनीपत रेलवे स्टेशन पर कांग्रेस कार्यकर्ता हिरासत में, सिंधु बॉर्डर पर भारी पुलिस बल तैनात
सोनीपत में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सोनीपत रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शन करने पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। स्टेशन परिसर में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा, दिल्ली की ओर जाने वाले रास्तों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है।
कुंडली-सिंधु बॉर्डर पर पुलिस बल के साथ वाटर कैनन, आंसू गैस, एंबुलेंस और दमकल की गाड़ियां तैनात की गई हैं। दिल्ली जाने वाले वाहनों को जांच के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली जाने वाली कुछ ट्रेनों को भी रद्द किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.