हरियाणा कांग्रेस के पूर्व प्रभारी दीपक बाबरिया का निधन, पार्टी नेताओं ने जताया शोक

HIGHLIGHTS
- दीपक बाबरिया मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी भी रह चुके थे।
- अक्टूबर 2024 में उन्होंने हरियाणा प्रभारी पद से इस्तीफे की पेशकश की थी।
- उन्होंने उस समय स्वास्थ्य ठीक नहीं होने का हवाला दिया था।
पंचकूला। हरियाणा कांग्रेस के पूर्व प्रभारी दीपक बाबरिया का शनिवार को निधन हो गया। उनके निधन की खबर से कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई है।
दीपक बाबरिया मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी भी रह चुके थे। उन्होंने अक्टूबर 2024 में हरियाणा के प्रभारी पद से इस्तीफे की पेशकश की थी। उस समय उन्होंने कहा था कि उन्होंने पार्टी आलाकमान से अपनी जगह किसी अन्य नेता को जिम्मेदारी सौंपने का अनुरोध किया है।
बाबरिया ने कहा था, “मैंने आलाकमान से कहा कि मेरी जगह किसी और को जिम्मेदारी सौंप दी जाए। मेरा स्वास्थ्य ठीक नहीं है और नतीजों के मद्देनजर यह मेरी नैतिक जिम्मेदारी भी है।” उन्होंने यह भी कहा था कि इस संबंध में अंतिम फैसला उन्होंने आलाकमान पर छोड़ दिया है।
कांग्रेस नेताओं ने जताया दुख
दीपक बाबरिया के निधन पर रणदीप सिंह सुरजेवाला समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने शोक व्यक्त किया। सुरजेवाला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “श्री दीपक बाबरिया जी के निधन पर भावभीनी श्रद्धांजलि। दुख की इस घड़ी में हम सभी शोक-संतप्त परिवार के साथ खड़े हैं।”
वहीं, रोहतक से सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने लिखा, “वरिष्ठ कांग्रेस नेता व हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के पूर्व प्रभारी श्री दीपक बाबरिया जी के आकस्मिक निधन की खबर बेहद पीड़ादायक है। बेहद मेहनती और कुशल राजनेता दीपक बाबरिया जी के हरियाणा प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रहने के दौरान उनके साथ करीब से काम करने का अवसर मिला। दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि और परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। ईश्वर से प्रार्थना है कि परिवारजनों को यह कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”
मध्य प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष कमलनाथ ने भी दीपक बाबरिया के निधन पर दुख जताया। उन्होंने लिखा, “कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रभारी रहे श्री दीपक बाबरिया जी के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे और परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करे। कांग्रेस पार्टी और समाज के लिए किए गए उनके कार्य हमेशा याद किए जाएंगे।”
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.