दिल्ली में 10 अक्टूबर को प्रदर्शन के मद्देनजर बड़ा फैसला, इंटरनेट सेवाएं भी होंगी बंद

HIGHLIGHTS
- जनपथ-कर्तव्य पथ चौराहे के आसपास चार किलोमीटर के दायरे में इंटरनेट सेवाएं निलंबित रहेंगी।
- इंटरनेट प्रतिबंध 9 अक्टूबर की रात 10 बजे से 10 अक्टूबर की रात 10 बजे तक लागू रहेगा।
- रेड लाइन के 10 और यलो लाइन के 20 मेट्रो स्टेशन बंद किए गए हैं।
राजधानी दिल्ली में 10 अक्टूबर को विपक्ष और कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर कई कदम उठाए जा रहे हैं। 57 मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद करने तथा कई ट्रेनों को रद्द करने के बाद अब नई दिल्ली के एक बड़े हिस्से में इंटरनेट सेवाएं भी अस्थायी रूप से बंद करने का आदेश जारी किया गया है।
रात 9 बजे से शनिवार तक बंद रहेंगी इंटरनेट सेवाएं
गृह मंत्रालय की मंजूरी के बाद नई दिल्ली में जनपथ-कर्तव्य पथ चौराहे के आसपास चार किलोमीटर के दायरे में इंटरनेट सेवाएं निलंबित रहेंगी। यह प्रतिबंध 9 अक्टूबर की रात 10 बजे से शुरू होकर 10 अक्टूबर की रात 10 बजे तक लागू रहेगा। इस तरह इंटरनेट सेवाएं पूरे 24 घंटे के लिए बंद रहेंगी।
दिल्ली में 57 मेट्रो स्टेशनों के गेट बंद
शुक्रवार रात 9 बजे से शनिवार तक दिल्ली मेट्रो के 57 स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद कर दिए गए हैं। रेड लाइन पर 10 स्टेशन बंद किए गए हैं, जबकि यलो लाइन पर सबसे अधिक 20 स्टेशनों को बंद किया गया है।
इसके अलावा ब्लू लाइन के आठ, बैंगनी लाइन के सात और पिंक लाइन के सात स्टेशन बंद रहेंगे। मजेंटा लाइन के चार और ऑरेंज लाइन के एक स्टेशन पर भी प्रवेश और निकास बंद कर दिया गया है।
सराय काले खां और न्यू अशोक नगर नमो भारत स्टेशन भी बंद
नमो भारत ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए भी अहम सूचना जारी की गई है। सराय काले खां और न्यू अशोक नगर नमो भारत स्टेशन 9 अक्टूबर की रात 9 बजे से 10 अक्टूबर की रात 10 बजे तक बंद रहेंगे।
इस अवधि में दोनों स्टेशनों पर यात्रियों को प्रवेश नहीं मिलेगा और यहां नमो भारत ट्रेन सेवाओं का संचालन भी उपलब्ध नहीं रहेगा।
नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन पहुंचने वाली कई ट्रेनें रद्द
रेलवे ने नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों के आसपास शनिवार सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे तक भारी जाम की आशंका के चलते कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को उनके शुरुआती स्टेशन से ही रद्द कर दिया है।
9 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे के बाद अपने शुरुआती स्टेशन से चलने वाली और 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली या हजरत निजामुद्दीन पहुंचने वाली कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द की गई हैं।
बिहार से दिल्ली आने वाली प्रमुख ट्रेनें प्रभावित
रद्द की गई ट्रेनों में बिहार से दिल्ली आने वाली कई प्रमुख गाड़ियां शामिल हैं। इनमें 20801 मगध एक्सप्रेस, 12309 राजेंद्र नगर टर्मिनल-नई दिल्ली तेजस राजधानी एक्सप्रेस, 12393 संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस और 22361 राजेंद्र नगर टर्मिनल-नई दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस शामिल हैं।
इसके अलावा 12301 हावड़ा-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस और 12313 सियालदह-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस भी रद्द की गई हैं।
प्रयागराज और उत्तर प्रदेश की ओर से आने वाली कई ट्रेनें भी प्रभावित हैं। इनमें 12033 कानपुर-नई दिल्ली शताब्दी, 12417 प्रयागराज एक्सप्रेस, 12275 हमसफर एक्सप्रेस, 12451 श्रमशक्ति एक्सप्रेस, 12447 उत्तर प्रदेश संपर्क क्रांति, 14211 आगरा कैंट-नई दिल्ली इंटरसिटी, 12559 और 12581 बनारस-नई दिल्ली ट्रेनें शामिल हैं।
इसके साथ ही 15303 कासगंज-नई दिल्ली और 82501 लखनऊ-नई दिल्ली सेवा भी रद्द कर दी गई है।
मध्य प्रदेश, राजस्थान और पंजाब की ट्रेनें भी रद्द
मध्य प्रदेश और पश्चिम भारत की ओर से दिल्ली आने वाली कई ट्रेनें भी रद्द की गई हैं। इनमें 20155 डॉ. आंबेडकर नगर-नई दिल्ली, 09309 इंदौर-हजरत निजामुद्दीन, 12415 इंदौर-नई दिल्ली, 12247 बांद्रा टर्मिनस-हजरत निजामुद्दीन और 12957 साबरमती-नई दिल्ली शामिल हैं।
जबलपुर से हजरत निजामुद्दीन आने वाली 22181, 12189 और 12121 ट्रेनें भी निरस्त की गई हैं।
वहीं, राजस्थान और हरियाणा की ओर से आने-जाने वाली 12964 उदयपुर सिटी-हजरत निजामुद्दीन, 15308 सिरसा-तिलक ब्रिज, 14727 श्रीगंगानगर-तिलक ब्रिज, 14738 तिलक ब्रिज-भिवानी, 14737 भिवानी-तिलक ब्रिज और 14728 तिलक ब्रिज-श्रीगंगानगर जैसी ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित रहेंगी।
मुंबई से आने वाली दो राजधानी एक्सप्रेस पांच घंटे रीशेड्यूल
रेलवे ने कुछ ट्रेनों को पूरी तरह रद्द करने के बजाय उनके समय में बदलाव किया है। 12951 मुंबई सेंट्रल-नई दिल्ली तेजस राजधानी एक्सप्रेस और 12953 मुंबई सेंट्रल-हजरत निजामुद्दीन अगस्त क्रांति राजधानी एक्सप्रेस को पांच घंटे के लिए पुनर्निर्धारित किया गया है।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले रेलवे पूछताछ, एनटीईएस और रेल वन ऐप पर अपनी ट्रेन की ताजा स्थिति जांच लें। खासकर नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन पहुंचने वाले यात्रियों को 10 अक्टूबर की सुबह स्टेशन जाने की योजना बनाते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.