मुजफ्फरनगर में संपत्ति विवाद में वृद्ध की मौत, भाई पर मारपीट का आरोप

HIGHLIGHTS
- चरथावल थाना क्षेत्र के बिरालसी गांव में संपत्ति बंटवारे को लेकर विवाद हुआ।
- 70 वर्षीय कुबाड़ी उर्फ करपाल की मौत के बाद परिजनों ने मारपीट का आरोप लगाया।
- पुलिस की प्रारंभिक जांच में शराब के नशे में विवाद और धक्का-मुक्की की बात सामने आई है।
मुजफ्फरनगर। चरथावल थाना क्षेत्र के गांव बिरालसी में संपत्ति बंटवारे को लेकर हुआ विवाद एक वृद्ध की मौत तक पहुंच गया। गुरुवार देर रात करीब 12 बजे हुई इस घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई।
परिजनों का आरोप है कि छोटे भाई ने बड़े भाई के घर में घुसकर उसके साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि, पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला कुछ अलग सामने आया है। पुलिस के अनुसार, दोनों भाइयों के बीच शराब के नशे में विवाद और धक्का-मुक्की हुई थी, जिसमें गिरने से वृद्ध की मौत हुई। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, गांव बिरालसी निवासी कुबाड़ी उर्फ करपाल (करीब 70 वर्ष) पुत्र बदर का गुरुवार-शुक्रवार की रात करीब 12 बजे के बाद घर के बंटवारे को लेकर अपने छोटे भाई रामू से विवाद हो गया था।
आरोप है कि रामू घर में घुसा और करपाल के साथ मारपीट की। परिजनों ने इस घटना में चाचा, चाची और चचेरी बहन काजल के शामिल होने का भी आरोप लगाया है।
घटना के बाद गंभीर हालत में परिजन करपाल को रात में ही एक निजी चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वृद्ध की मौत की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलने पर चरथावल थाना प्रभारी सत्यनारायण दहिया पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके साथ ही घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
सीओ सदर राजू कुमार साव ने बताया कि 23 जुलाई की रात पीआरवी के माध्यम से ग्राम बिरालसी में एक वृद्ध की हत्या की सूचना मिली थी। जांच में सामने आया कि कुबाड़ी और उनके सगे भाई रामू के बीच शराब के नशे में विवाद और धक्का-मुक्की हुई थी।
उन्होंने बताया कि इस दौरान गिरने से कुबाड़ी की मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.