चुनाव आयोग और नौकरशाही भाजपा के इशारे पर काम कर रहे: अखिलेश यादव

HIGHLIGHTS
- अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग और नौकरशाही पर भाजपा के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया।
- उन्होंने दावा किया कि एसआईआर के बाद भी मतदाता सूची में लाखों फर्जी वोट दर्ज हैं।
- अखिलेश ने आजमगढ़ की सदर विधानसभा में एक व्यक्ति के दस वोट होने का दावा किया।
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग और नौकरशाही भाजपा के इशारे पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा संवैधानिक संस्थाओं को अपने हिसाब से चला रही है, जिससे लोकतंत्र और संविधान पर खतरा पैदा हो गया है। अखिलेश के मुताबिक, भाजपा के सत्ता से हटने के बाद ही इस संकट से मुक्ति मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर भाजपा की चारसौबीसी नहीं चलने देंगे।
डॉ. राममनोहर लोहिया की पुण्यतिथि पर लोहिया पार्क में श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग के रवैये को भेदभावपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए, इसका प्रचार हुआ और पूरा प्रशासन इसमें लगा रहा। इसके बावजूद अब मतदाता सूची दोबारा तैयार करने का अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि एसआईआर के बाद भी मतदाता सूची में लाखों फर्जी वोट दर्ज हैं।
मतदाता सूची में फर्जी वोट होने का आरोप
अखिलेश यादव ने कहा कि आजमगढ़ की सदर विधानसभा सीट पर विकास यादव नाम के एक व्यक्ति के दस वोट दर्ज हैं। उन्होंने चुनाव आयोग से सामने आकर यह स्पष्ट करने को कहा कि वह भाजपा के इशारे पर काम नहीं करेगा।
सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने हर बूथ पर 200 वोट बढ़ाने के निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा कि सरकार चुनाव आयोग के माध्यम से अपने पक्ष में मतदाता सूची तैयार कराना चाहती है।
भाजपा पर पत्रकारों और प्रदर्शनकारियों से दुर्व्यवहार का आरोप
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा चाहती है कि मतदाता सूची में केवल उसके सदस्यों के नाम रहें। उन्होंने कहा कि वोट नहीं होने की स्थिति में नागरिकता पर भी सवाल खड़े हो सकते हैं।
सपा अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर पत्रकारों और प्रदर्शनकारियों के साथ अमानवीय व्यवहार करने का आरोप लगाया। उन्होंने महिला पत्रकारों के साथ दुर्व्यवहार का भी दावा किया। इसके साथ ही अखिलेश ने भाजपा पर हिटलर की तर्ज पर निजी फोर्स बनाने का आरोप लगाया। इस दौरान शिवपाल सिंह यादव, राजेंद्र चौधरी और श्याम लाल पाल मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.