हाथी, ढोल-नगाड़े और नोटों जैसा केक... MP में सरकारी अफसर के बर्थडे का वीडियो वायरल

HIGHLIGHTS
- जन्मदिन समारोह में बड़ी संख्या में कर्मचारी और परिचित शामिल हुए
- कार्यालय परिसर के अंदर भी जन्मदिन की शुभकामनाएं दी गईं
- अधीक्षण यंत्री ने आयोजन को विभाग में गलत बताया
मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के वल्लभनगर जोन के सहायक यंत्री का जन्मदिन शाही अंदाज में मनाए जाने का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में विभाग के कर्मचारी और सहायक यंत्री के परिचित उन्हें हाथी पर बैठाकर ढोल-नगाड़ों के साथ कार्यालय में प्रवेश कराते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद कार्यालय के बाहर डांस किया गया और 500-500 रुपये के नोटों की गड्डियों जैसी डिजाइन वाला केक काटकर जन्मदिन मनाया गया।
पूरा मामला मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के वल्लभनगर जोन का है। यहां सहायक यंत्री रविकांत मालवीय का जन्मदिन बीते सप्ताह मनाया गया। आमतौर पर रविवार को सरकारी कार्यालयों में अवकाश रहता है, लेकिन इस आयोजन में बड़ी संख्या में कर्मचारी और सहायक यंत्री के परिचित मौजूद रहे। सभी ने सहायक यंत्री रविकांत मालवीय का जन्मदिन शाही अंदाज में धूमधाम से मनाया।
वायरल वीडियो के बाद मामला चर्चा में
सरकारी कार्यालय में जन्मदिन मनाना अपने आप में अपराध नहीं है, लेकिन आयोजन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। वायरल वीडियो में कार्यालय के बाहर के अलावा परिसर के अंदर भी सहायक यंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी जा रही हैं। इस दौरान राष्ट्रीय मुद्रा की तस्वीरों वाली डिजाइन का केक काटे जाने का दृश्य भी दिखाई दे रहा है।
मामले को लेकर मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधीक्षण यंत्री वी.के. मालवीय से बातचीत की गई। उन्होंने कहा कि विभाग में इस तरह जन्मदिन मनाना गलत है। सहायक यंत्री रविकांत मालवीय को नोटिस जारी किया गया है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।
सहायक यंत्री बोले- शनिवार को मनाया था जन्मदिन
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर वल्लभनगर जोन के सहायक यंत्री रविकांत मालवीय से बातचीत की गई। उनका कहना है कि वीडियो रविवार का नहीं, बल्कि शनिवार का है और उनका जन्मदिन भी इसी दिन मनाया गया था। हालांकि, सूत्रों का दावा है कि पूरा आयोजन रविवार को हुआ था। बताया जा रहा है कि सहायक यंत्री को हाथी पर बैठाने के लिए अंकपात मार्ग स्थित अखाड़े से हाथी बुलाया गया था।
फोटो की तारीख को लेकर भी सवाल
सोशल मीडिया पर वायरल सहायक यंत्री रविकांत मालवीय के जन्मदिन से जुड़े फोटो को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। एक फोटो में तस्वीर खींचे जाने के समय के साथ तारीख दर्ज होने का दावा किया जा रहा है। इसके आधार पर आयोजन रविवार, 23 अगस्त को होने की बात कही जा रही है।
इस मामले में सहायक यंत्री के शनिवार को जन्मदिन मनाए जाने के दावे और वायरल फोटो में दिखाई जा रही तारीख को लेकर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं। ऐसे में मामले से जुड़े तथ्यों की पुष्टि विभागीय जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.