ग्रेटर नोएडा वेस्ट में बड़ा हादसा, कार की चपेट में आए 5 स्कूली बच्चे; एक की हालत गंभीर

HIGHLIGHTS
- ग्रेटर नोएडा वेस्ट की पंचशील ग्रीन-2 सोसायटी के बाहर कार ने पांच स्कूली बच्चों को टक्कर मार दी, एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
- प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चलाते समय महिला से ब्रेक की जगह एक्सीलेटर दब गया, जिससे हादसा हुआ।
- घायल बच्चों का निजी अस्पताल में इलाज जारी है, जबकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की पंचशील ग्रीन-2 सोसायटी के बाहर बुधवार सुबह एक कार की टक्कर से पांच स्कूली बच्चे घायल हो गए। हादसे में एक बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक महिला अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने के लिए कार से जा रही थी। आरोप है कि सोसायटी के गेट से बाहर निकलते समय महिला का ध्यान भटक गया और ब्रेक की जगह एक्सीलेटर दब गया।
बताया जा रहा है कि अनियंत्रित कार पहले एक स्कूटी से टकराई, जिससे उसकी गति कुछ कम हुई। इसके बाद भी कार आगे बढ़ती रही और सड़क किनारे स्कूल बस का इंतजार कर रहे बच्चों समेत कुछ अन्य लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायल बच्चों को अस्पताल पहुंचाया। घटना में किसी की मौत नहीं हुई है, लेकिन कई बच्चों को चोटें आई हैं।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि हादसे के बाद महिला कार लेकर मौके से चली गई। घटना को लेकर सोसायटी के लोगों में नाराजगी है। अभिभावकों ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए पुलिस से मामले की जांच और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों की पुष्टि की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.