गुलजार सिंह सुसाइड केस पर राहुल गांधी का AAP सरकार पर हमला, हरपाल चीमा के इस्तीफे की मांग

HIGHLIGHTS
- राहुल गांधी ने गुलजार सिंह की मौत को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
- उन्होंने आरोप लगाया कि सवाल करने वालों को धमकी और प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा है।
- राहुल गांधी ने मोहनजीत सिंह के मामले का भी जिक्र किया।
चंडीगढ़। गुलजार सिंह सुसाइड केस को लेकर कांग्रेस नेता और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया के जरिए पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने मुख्यमंत्री, वित्त मंत्री और आप प्रदेश अध्यक्ष के क्षेत्र में बिगड़ती स्थिति पर दुख जताते हुए राज्य सरकार की संवेदनहीनता पर सवाल उठाए हैं।
राहुल गांधी ने इस घटना का जिक्र करते हुए कहा कि पंजाब में सरकार की नाकामी पर सवाल उठाने वालों को धमकी और प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि दलित समुदाय से आने वाले गुलजार सिंह ने अपने बेटे को नशे की चपेट में जाते देखकर राज्य के वित्त मंत्री से सीधे सवाल किया था कि सरकार ड्रग्स के कारोबार को रोकने में इतनी बुरी तरह क्यों नाकाम है।
राहुल गांधी के मुताबिक, इस सवाल के बाद गुलजार सिंह को कथित तौर पर इतना प्रताड़ित और अपमानित किया गया और उनसे माफी मांगने के लिए दबाव बनाया गया कि आहत होकर उन्होंने जहर खा लिया। एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल जाने के बावजूद समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण आखिरकार उनकी मौत हो गई।
आवाज दबाने का ‘खतरनाक पैटर्न’
राहुल गांधी ने कहा कि पंजाब की आप सरकार में एक ‘खतरनाक पैटर्न’ बन गया है। उनका आरोप है कि सरकारी नाकामियों पर सवाल उठाने वालों को जवाब धमकी और टॉर्चर के जरिए दिया जा रहा है। उन्होंने पिछले सप्ताह प्रताड़ित किए गए सुनाम के युवा मोहनजीत सिंह का भी उल्लेख किया, जिन्हें मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ प्रदर्शन करने पर प्रताड़ित किए जाने की बात कही गई।
वित्त मंत्री के इस्तीफे की मांग
राहुल गांधी ने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी जनता के सवालों का जवाब देना है, न कि सवाल उठाने वालों की आवाज दबाना या उन्हें कुचलना। उन्होंने पीड़ित परिवार को तत्काल न्याय दिलाने की मांग करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान से वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा का तुरंत इस्तीफा लेने को कहा।
पंजाब के हालात पर राहुल गांधी की नजर
पूर्व मंत्री विजयइंदर सिंगला ने कहा कि राहुल गांधी पंजाब की मौजूदा स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं और हर पल की जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूरी कांग्रेस पार्टी पंजाब की जनता के साथ खड़ी है और इस अन्याय के खिलाफ मजबूती से आवाज उठाएगी।
‘गंदी राजनीति मत कीजिए’: अरविंद केजरीवाल
राहुल गांधी के बयान पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पलटवार किया। केजरीवाल ने एक्स पर लिखा कि पंजाब सरकार नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने सवाल किया कि पंजाब में नशा कौन लेकर आया और इसके लिए कांग्रेस, अकाली दल और बीजेपी की सरकारों को जिम्मेदार बताया।
केजरीवाल ने कहा कि पहली बार पूरे देश में कोई राज्य नशे के खिलाफ इस तरह की लड़ाई लड़ रहा है। उनके मुताबिक, पंजाब सरकार कांग्रेस, अकाली दल और बीजेपी द्वारा फैलाए गए नशे को खत्म करने का प्रयास कर रही है।
केजरीवाल ने कहा कि उन्हें इस बात का बेहद दुख है कि राहुल गांधी जैसे नेता लाशों पर गंदी राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि इस व्यक्ति की मौत पर राजनीति करने के लिए जब राहुल गांधी के विधायक अगले दिन गांव पहुंचे तो ग्रामीणों ने उन्हें वहां से निकाल दिया। केजरीवाल ने कहा कि राहुल गांधी की ओर से लिखी गई बात पूरी तरह झूठ है।
उन्होंने राहुल गांधी से गांव का दौरा करने का भी आग्रह किया। केजरीवाल ने कहा कि उनकी सरकार के किसी मंत्री या विधायक का इस व्यक्ति की मौत से कोई संबंध नहीं है और इस तरह की गंदी राजनीति नहीं की जानी चाहिए।
भगवंत मान ने भी राहुल गांधी पर साधा निशाना
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी राहुल गांधी के बयान पर सख्त प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कांग्रेस पर संवेदनहीन राजनीति करने का आरोप लगाया।
मान ने कहा कि लाशों पर राजनीति बंद होनी चाहिए, क्योंकि पंजाब की जनता इस तरह की राजनीति को बिल्कुल पसंद नहीं करती।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि जब कांग्रेस नेता पीड़ित के गांव पहुंचे और राजनीतिक फायदा उठाने की कोशिश की, तो स्थानीय लोगों ने उन्हें वहां से भगा दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस पीड़ित परिवार की निशानदेही पर मामले से जुड़े सभी आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
मान ने पंजाब में नशे की समस्या के लिए अकाली दल, भारतीय जनता पार्टी और पिछली कांग्रेस सरकारों को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार में किसी भी नशा तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.