हर महीने एक लाख रुपये मुनाफे का दिया लालच, भगतजी स्वीट्स के संचालक से 31 लाख की ठगी

HIGHLIGHTS
- ई-स्टोर कंपनी में 25 लाख रुपये निवेश करने पर हर महीने एक लाख रुपये मुनाफे का वादा किया गया था।
- पीड़ित के मुताबिक, वर्ष 2022 में दिल्ली की कड़कड़डूमा कोर्ट के कर्मचारी कर्मवीर सिंह ने निवेश का प्रस्ताव दिया था।
- आरोप है कि वर्ष 2023 में कर्मवीर सिंह और अन्य लोग स्टोर का सामान लेकर चले गए।
बागपत। भगतजी स्वीट्स के स्वामी को कंपनी में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर करीब 31 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित कारोबारी की शिकायत पर अदालत के आदेश से दिल्ली की अदालत के कर्मचारी समेत सात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
अग्रवाल मंडी टटीरी निवासी देवेंद्र कुमार ने बताया कि बागपत में उनकी भगत स्वीट्स के नाम से दुकान है। आरोप है कि वर्ष 2022 में दिल्ली की कड़कड़डूमा कोर्ट में कार्यरत कर्मवीर सिंह ने उन्हें ई-स्टोर कंपनी के बारे में जानकारी दी थी। कर्मवीर ने कंपनी में 25 लाख रुपये निवेश करने पर हर महीने एक लाख रुपये का लाभ देने का वादा किया था।
देवेंद्र कुमार के अनुसार, कर्मवीर सिंह ने ई-स्टोर कंपनी से जुड़े कई लोगों से उनकी मुलाकात भी कराई। इसके बाद उनकी दुकान में स्टोर स्थापित किया गया। भरोसा करके उन्होंने कंपनी में 25.77 लाख रुपये का निवेश कर दिया। आरोप है कि वर्ष 2023 में कर्मवीर सिंह और अन्य लोग स्टोर का सामान लेकर चले गए। उन्हें वादे के मुताबिक कोई लाभ भी नहीं मिला।
पीड़ित का आरोप है कि निवेश की रकम, दुकान का किराया और बिजली बिल सहित कुल करीब 31 लाख रुपये की ठगी की गई। जब उन्होंने आरोपितों से अपने रुपये वापस मांगे तो उन्हें धमकियां दी गईं।
कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार चाहल ने बताया कि अदालत के आदेश पर कर्मवीर सिंह, अजय वर्मा, नितिन, दीपक दहिया, सचिन राणा निवासीगण अग्रवाल मंडी टटीरी, मुकेश त्यागी निवासी ई-स्टोर कार्यालय बागपत, मोहम्मद फैजान निवासी सेक्टर छह नोएडा और शमशाद निवासी गौतमबुद्धनगर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.