हल्द्वानी में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक, 2027 चुनाव की रणनीति पर महामंथन

HIGHLIGHTS
- हल्द्वानी में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित हुई।
- बैठक से पहले मुख्यमंत्री धामी समेत पार्टी नेताओं ने ध्वजारोहण किया।
- केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा ने ‘विकसित उत्तराखंड से विकसित भारत’ का प्रस्ताव रखा।
हल्द्वानी में आज भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक हो रही है। बैठक शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रभारी दुष्यंत गौतम, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत समेत सरकार के मंत्री, प्रदेश पदाधिकारी, सभी जिलों के अध्यक्ष-महामंत्री और मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों ने ध्वजारोहण किया। दोपहर तीन बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी बैठक में पहुंचे। इस दौरान बाबा नीम मरौली महाराज की तस्वीर भेंट कर उनका स्वागत किया गया। शाम 5 बजे प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक और शाम 7 बजे कोर कमेटी की बैठक में नितिन नवीन शामिल होंगे।
दो राजनीतिक प्रस्ताव पारित
बैठक में आज दो राजनीतिक प्रस्ताव पारित किए गए। साथ ही ‘विकसित उत्तराखंड से विकसित भारत का संकल्प’ प्रस्ताव केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा ने रखा। वहीं, वंदेमातरम पर कांग्रेस के रुख की निंदा की गई। पहले प्रस्ताव में पीएम मोदी के 25 साल के मुख्यमंत्री-प्रधानमंत्री कार्यकाल पर चर्चा की गई। उनकी उपलब्धियों पर भी बात हुई और उनका आभार जताया गया। दूसरे प्रस्ताव में हल्द्वानी शुद्धिकरण मामले पर कांग्रेस के रुख की निंदा की गई। तय हुआ कि पार्टी विकास, विरासत और संरक्षण के मुद्दों के साथ चुनाव मैदान में जाएगी। समाज विरोधी और देश विरोधी कांग्रेस का जनता के सामने खुलकर विरोध किया जाएगा।
नैनीताल बीजेपी के जिला अध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट ने कहा कि आज पूरे नैनीताल जिले में पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच काफी खुशी का माहौल है। उन्होंने इसे ऐतिहासिक पल बताया, क्योंकि कार्यकर्ताओं को अपने युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष को देखने और सुनने का मौका मिल रहा है। उनके नैनीताल दौरे से पूरे उत्तराखंड में एक खास ऊर्जा आई है और जिले के कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष का बहुत गर्मजोशी और दिल से स्वागत कर रहे हैं। लोग जश्न मनाने और उनका स्वागत करने के लिए कई जगहों पर बड़ी संख्या में एकत्र हो रहे हैं।
नितिन नवीन की क्लास में मंत्रियों-विधायकों का लगेगा नंबर
उत्तराखंड में 2027 में हैट्रिक की तैयारी कर रही भाजपा का हल्द्वानी में होने वाला दो दिवसीय महामंथन केवल औपचारिक बैठक नहीं माना जा रहा है, बल्कि इसे मौजूदा मंत्रियों और विधायकों के भविष्य के रिपोर्ट कार्ड के तौर पर देखा जा रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की मौजूदगी में होने वाली प्रदेश कार्यसमिति में जिलों के पदाधिकारियों, मोर्चों और केंद्रीय व प्रांतीय नेतृत्व की फीडबैक रिपोर्ट के आधार पर ही प्रत्याशियों की कुंडली तैयार होगी।
सूत्रों के मुताबिक, इस बार टिकट का फैसला सिर्फ जीत-हार या सर्वे के आधार पर नहीं, बल्कि संगठन की जमीनी रिपोर्ट के आधार पर होगा। किस विधानसभा में विधायक सक्रिय है, किसका जनता और कार्यकर्ताओं से संवाद टूटा है, बूथ समितियां कितनी सक्रिय हैं, मंडल स्तर पर संगठन कितना मजबूत है और सरकार की योजनाएं जमीन तक कितनी पहुंची हैं, इन सभी बिंदुओं पर जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों, मोर्चा अध्यक्षों और कोर कमेटी से सीधे फीडबैक लिया जाएगा।
पार्टी के लिए यह समीक्षा दो स्तरों पर होगी। पहला मंत्री-विधायक की कुंडली होगी, जिसमें क्षेत्र में उनकी सक्रियता, जनता से संपर्क, कार्यकर्ताओं के साथ तालमेल और छवि को लेकर स्वतंत्र फीडबैक लिया जाएगा। जहां सरकार के प्रति नाराजगी कम लेकिन विधायक को लेकर असंतोष होगा, वहां इसे खतरे की घंटी माना जाएगा। दूसरा संगठन की कुंडली होगी, जिसमें बूथ प्रबंधन, कमजोर बूथों की पहचान, मंडल में गुटबाजी और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय की स्थिति देखी जाएगी।
इसी वजह से यह कार्यसमिति आम पार्टी कार्यकर्ताओं से ज्यादा 2027 के टिकट के दावेदारों के लिए अहम मानी जा रही है। मौजूदा चेहरों में जो रिपोर्ट में मजबूत पाए जाएंगे, पार्टी उन पर दोबारा भरोसा जता सकती है। वहीं कमजोर रिपोर्ट वाले मंत्रियों और विधायकों की सीट पर नए चेहरे, जातीय-सामाजिक समीकरण और संगठन से आए नामों पर मंथन के संकेत हैं। हालांकि पार्टी ने आधिकारिक तौर पर टिकट में बदलाव को लेकर कुछ नहीं कहा है, लेकिन कुमाऊं की राजधानी हल्द्वानी से शुरू हो रहा राष्ट्रीय अध्यक्ष का दौरा साफ संदेश दे रहा है कि 2027 की जीत का रास्ता जमीनी रिपोर्ट कार्ड से ही निकलेगा।
हल्द्वानी में भाजपा कार्यसमिति को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने किया बड़ा दावा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के मार्गदर्शन में दूसरी बार कार्य करने का मौका पाकर वे खुद को सौभाग्यशाली मानते हैं। हल्द्वानी में हो रही प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में दो महत्वपूर्ण राजनीतिक प्रस्ताव पारित किए जाएंगे, जो 2027 के चुनाव को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं। उन्होंने बताया कि पार्टी की बूथ तक की रणनीति तैयार है। निकाय चुनाव में 11 नगर निगमों और सहकारिता के 6 जिलों में भाजपा को एकतरफा जीत मिली है और 2027 में पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ा जाएगा।
भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक एवं गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा को इतिहास रचना है और तीसरा चुनाव पूरी दमदारी से जीतना है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी ने अब तक ऐसा कोई काम नहीं किया, जिससे लोग नाराज हों। बलूनी ने विकास का उदाहरण देते हुए कहा कि राज्य बनने के बाद दिल्ली-देहरादून का सफर सात घंटे से घटकर 2.30 घंटे हो गया है। उन्होंने संकल्प जताया कि भाजपा पूरे बहुमत के साथ सरकार बनाएगी और उत्तराखंड में स्वर्णिम काल लाएगी।
तीरथ सिंह रावत बोले- बूथ जीतेंगे तो चुनाव जीतेंगे, 2027 में भाजपा करेगी सत्ता में वापसी
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष के मार्गदर्शन में बूथ तक जाएगी और 2027 में सत्ता में वापसी करेगी। उन्होंने पीएम मोदी के विकास मॉडल की तारीफ करते हुए कहा कि अटल जी ने उत्तराखंड को बनाया, लेकिन संवारने का काम मोदी कर रहे हैं। उन्होंने धारचूला तक सड़कें बनने, आपदा के दौरान पीएम की मौजूदगी और गुजरात से राहत सामग्री भेजे जाने का जिक्र किया। साथ ही कहा कि कुछ राहत सामग्री अधिकारियों ने समेट ली, लेकिन पार्टी बूथ जीतने पर फोकस करेगी, क्योंकि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है।
सीएम धामी बोले- भाजपा विकास के रिपोर्ट कार्ड के साथ जनता के बीच जाएगी
हल्द्वानी में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के मार्गदर्शन में यह बैठक आत्ममंथन का माध्यम है। उन्होंने पीएम मोदी के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि 2014 से पहले भारत निराशा में था, अब नया भारत बना है। लैंड जिहाद और थूक जिहाद के खिलाफ कार्रवाई का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि कब्जा मुक्त कराई गई। धामी ने कहा कि पार्टी विकास का रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच जाएगी और कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन बोले- कांग्रेस की बांटने की राजनीति नहीं चलेगी, देवभूमि से पीएम मोदी को ताकत मिलती है
हल्द्वानी में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि देवभूमि से पीएम मोदी को 140 करोड़ देशवासियों की सेवा करने की ताकत मिलती है। उन्होंने कांग्रेस पर तुष्टिकरण और बंटवारे की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि खरगे साहब की बांटने की राजनीति यहां नहीं चलेगी। नितिन नवीन ने सीएम धामी को UCC, महिला आरक्षण और शहीद आश्रितों को आरक्षण जैसे फैसलों पर बधाई दी। साथ ही कहा कि भाजपा संत रविदास के नाम पर यात्रा निकालेगी और सनातन की रक्षा करेगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.