रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू पर कसेगा शिकंजा, गैंगस्टर एक्ट लगाने की तैयारी

HIGHLIGHTS
- गिरधारी लाल साहू के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की तैयारी कर रही है देहरादून पुलिस।
- उस पर पत्नी रेखा आर्या के फर्जी हस्ताक्षर करने का आरोप है।
- कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर रेखा आर्या को चार कंपनियों के निदेशक पद से हटाने की कोशिश की गई।
देहरादून। पत्नी रेखा आर्या के कथित फर्जी हस्ताक्षर कर उन्हें चार कंपनियों के निदेशक पद से हटाने के लिए जाली दस्तावेज तैयार करने और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने के आरोपित गिरधारी लाल साहू की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। देहरादून पुलिस अब उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करने की तैयारी में है। आरोपित के विरुद्ध उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में 44 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली है। पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड के साथ अन्य मामलों की भी जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, गिरधारी लाल साहू पर आरोप है कि उसने अपनी पत्नी रेखा आर्या के फर्जी हस्ताक्षर करके उन्हें चार कंपनियों के निदेशक पद से हटाने के लिए कूटरचित दस्तावेज तैयार किए। इस मामले में पुलिस दस्तावेजों की जांच कर रही है और अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कथित जालसाजी में किन लोगों की भूमिका थी और पूरी प्रक्रिया को किस तरह अंजाम दिया गया। मामले में दून पुलिस ने बीती 06 नवंबर को कार्रवाई करते हुए गिरधारी लाल साहू को उत्तर प्रदेश के झांसी से गिरफ्तार किया था। उसके साथ उसके भतीजे सतेंद्र राठौर को भी हिरासत में लिया गया था। दोनों की गिरफ्तारी के बाद से पुलिस मामले से जुड़े दस्तावेजों, साक्ष्यों और अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
पुलिस जल्द ले सकती है रिमांड पर
आरोपित से विस्तार से पूछताछ करने के लिए पुलिस अब उसका पुलिस कस्टडी रिमांड लेने की प्रक्रिया में जुटी है। माना जा रहा है कि रिमांड के दौरान कथित फर्जीवाड़े से जुड़े अहम तथ्यों, दस्तावेज तैयार करने की प्रक्रिया और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी।
इसके साथ ही पुलिस जल्द ही गिरधारी लाल साहू का वॉयस सैंपल लेने की तैयारी भी कर रही है। इसके जरिए मामले से संबंधित उपलब्ध ऑडियो साक्ष्यों की वैज्ञानिक जांच कराई जा सकेगी। पुलिस का उद्देश्य आरोपों से जुड़े साक्ष्यों का तकनीकी और वैज्ञानिक तरीके से सत्यापन करना है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.