बदरीनाथ धाम में तपस्या के लिए 25 साधुओं ने मांगी अनुमति, पुलिस सत्यापन के बाद मिलेगा प्रवेश

HIGHLIGHTS
- बदरीनाथ मंदिर के कपाट 16 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।
- इस वर्ष अब तक 25 साधुओं ने धाम में तपस्या के लिए आवेदन किया है।
- पुलिस सत्यापन के बाद ही साधुओं को बदरीनाथ में रहने की अनुमति मिलेगी।
भू-बैकुंठ धाम बदरीनाथ मंदिर के कपाट 16 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद हो चुके हैं। इसके बाद अब धाम में तपस्या करने के इच्छुक साधु-संतों ने प्रशासन से रहने की अनुमति मांगी है। इस साल अब तक 25 साधुओं ने धाम में निवास के लिए आवेदन किया है। पुलिस सत्यापन पूरा होने के बाद ही उन्हें बदरीनाथ में रहने की अनुमति मिलेगी।
कपाट बंद होने के बाद बदरीनाथ धाम में प्रशासन की अनुमति के बिना किसी भी व्यक्ति के ठहरने पर रोक है। सर्दियों के दौरान सुरक्षा के लिहाज से यहां केवल आईटीबीपी के जवान और बीकेटीसी के कर्मचारी ही मौजूद रहते हैं। धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक, शीतकाल में मंदिर के कपाट बंद होने के बाद भगवान बदरी विशाल की पूजा-अर्चना समेत अन्य दायित्वों का अधिकार देवताओं के पास रहता है।
उप जिलाधिकारी चंद्रशेखर वशिष्ठ ने बताया कि धाम में तपस्या के लिए अब तक 25 साधुओं के आवेदन प्राप्त हुए हैं। पुलिस सत्यापन के बाद ही उन्हें वहां रहने की अनुमति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पहले कुछ साधुओं को अनुमति दिए जाने के बाद धाम में अतिक्रमण के मामले भी सामने आए थे। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन अब पूरी जांच-पड़ताल के बाद ही रहने की अनुमति दे रहा है।
शीतकाल के दौरान बदरीनाथ धाम पूरी तरह बर्फ से ढक जाता है। ऐसे मौसम में साधु-संत अपनी कुटिया और गुफाओं में रहकर तपस्या करते हैं।
बर्फीले मौसम में रहने के अभ्यस्त होते हैं साधु
सर्दियों में बदरीनाथ धाम में भीषण ठंड पड़ती है और कई फीट तक बर्फ जम जाती है। यहां तापमान माइनस में पहुंच जाता है। इसके बावजूद तपस्या करने वाले साधु-संत कठिन परिस्थितियों में भी धाम में रहते हैं।
पिछले वर्ष यहां तपस्या करने वाले एक साधु ने बताया था कि वे बर्फ से ढकी पगडंडियों से होकर तप्तकुंड पहुंचते हैं। वहां नियमित स्नान और पूजा-पाठ करने के बाद साधना में लीन हो जाते हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.