यूपी-उत्तराखंड के बीच परिसंपत्तियों का विवाद सुलझाने की कवायद तेज, CM योगी और धामी की हुई मुलाकात

HIGHLIGHTS
- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को लखनऊ में सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की।
- बैठक में यूपी और उत्तराखंड के बीच परिसंपत्तियों से जुड़े लंबित मामलों पर चर्चा हुई।
- धामी ने बनबसा बैराज और नगरा बाईपास नहर की मरम्मत का मुद्दा उठाया।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच लंबे समय से चले आ रहे परिसंपत्तियों के विवादों को सुलझाने की दिशा में एक बार फिर प्रयास तेज हो गए हैं। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच परिसंपत्तियों से जुड़े लंबित मामलों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी मुद्दों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
बैठक में मुख्यमंत्री धामी ने बनबसा बैराज और नगरा बाईपास नहर की मरम्मत का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। इसके अलावा झनकैया और सूखा पुल सहित सिंचाई विभाग के अंतर्गत आने वाले पुराने और जर्जर पुलों की मरम्मत व पुनर्निर्माण की आवश्यकता पर भी ध्यान दिलाया। उन्होंने इन कार्यों को जनहित से जुड़ा बताते हुए प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि बनबसा बैराज, नगरा बाईपास नहर और पुलों की मरम्मत से लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ आवागमन को आसान बनाया जा सकेगा। इससे सिंचाई सुविधाओं में भी सुधार होगा। उन्होंने कहा कि इन कार्यों को जल्द पूरा किए जाने से स्थानीय नागरिकों और किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। इसके लिए उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के संबंधित विभागों के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है।
परिसंपत्तियों के बंटवारे और हस्तांतरण पर भी चर्चा
बैठक के दौरान सिंचाई विभाग के अलावा अन्य विभागों से संबंधित परिसंपत्तियों के बंटवारे, हस्तांतरण और लंबित मामलों के निपटारे पर भी बातचीत हुई। दोनों राज्यों के बीच पहले विभिन्न स्तरों पर बनी सहमति के आधार पर अब तक हुई प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही शेष मामलों का निर्धारित समय में समाधान करने और लिए गए फैसलों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच आपसी सहयोग, सकारात्मक बातचीत और बेहतर समन्वय के चलते परिसंपत्तियों के बंटवारे से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामलों का समाधान हो चुका है। उन्होंने बताया कि दोनों राज्यों के बीच पहले बनी सहमति के अनुसार कई प्रकरणों में जरूरी कार्रवाई भी पूरी की जा चुकी है।
वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी लंबित मुद्दों पर जल्द सकारात्मक पहल करने की बात कही।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.