प्रधानमंत्री मोदी के दौरे को लेकर लखनऊ में हाई अलर्ट, 4400 पुलिसकर्मी तैनात

HIGHLIGHTS
- पीएम मोदी आज लखनऊ दौरे पर, 4400 पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा; कई रास्तों पर डायवर्जन
- प्रधानमंत्री मोदी के दौरे को लेकर लखनऊ में हाई अलर्ट, 4400 पुलिसकर्मी तैनात
- पीएम मोदी आज इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में करेंगे शिरकत, जानें ट्रैफिक डायवर्जन और सुरक्षा व्यवस्था
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ पहुंचेंगे। अपने दौरे के दौरान वह पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। प्रधानमंत्री शाम करीब 5:30 बजे गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान पहुंचेंगे और कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर राजधानी में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। समारोह में कौशल विकास के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले युवाओं को सम्मानित किया जाएगा। इस वर्ष औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई), नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (एनएसटीआई) और इंस्टीट्यूट फॉर ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स (आईटीओटी) के राष्ट्रीय स्तर के 52 टॉपर्स को उनकी उपलब्धियों के लिए प्रधानमंत्री सम्मानित करेंगे।
चप्पे-चप्पे पर तैनात रहेंगे सुरक्षाकर्मी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लखनऊ दौरे को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी 4400 पुलिसकर्मियों को सौंपी गई है। शुक्रवार को प्रधानमंत्री के काफिले का रिहर्सल भी किया गया। पीएम विभूतिखंड स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे।
संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था के अनुसार, प्रधानमंत्री विशेष विमान से अमौसी एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से सड़क मार्ग के जरिए इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान जाएंगे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद निर्धारित सड़क मार्ग से सुरक्षा काफिले के साथ एयरपोर्ट पहुंचेंगे और विशेष विमान से नई दिल्ली रवाना होंगे।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए कार्यक्रम स्थल और संवेदनशील इलाकों को अलग-अलग जोन और सेक्टर में बांटा गया है। सुरक्षा में आठ डीसीपी, 10 अपर पुलिस उपायुक्त, 34 सहायक पुलिस आयुक्त, अधीनस्थ बल के 114 निरीक्षक, 946 उप-निरीक्षक, 108 महिला उप-निरीक्षक, 1967 सिपाही और 423 महिला आरक्षी तैनात रहेंगी। इसके अलावा यातायात व्यवस्था के लिए 31 निरीक्षक, 140 उप-निरीक्षक और 619 मुख्य आरक्षी व आरक्षी लगाए गए हैं।
सुरक्षा के लिए 11 कंपनी और दो प्लाटून पीएसी के साथ दो कंपनी आरआरएफ, एनएसजी, एटीएस और स्नाइपर भी मुस्तैद रहेंगे। एंटी ड्रोन सिस्टम और एंटी ड्रोन टीम को भी तैनात किया गया है। शुक्रवार को पुलिस अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। महत्वपूर्ण संस्थानों पर रूफटॉप ड्यूटी लगाई गई है, जबकि पूरे क्षेत्र की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के जरिए की जाएगी।
अस्पतालों में बनाए गए सेफ हाउस
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 नवंबर को लखनऊ आगमन को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने भी आपातकालीन तैयारियां की हैं। किसी भी आपातस्थिति से निपटने के लिए शहर के तीन प्रमुख अस्पतालों लोकबंधु राजनारायण अस्पताल, लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान और एसजीपीजीआई में सेफ हाउस तैयार किए गए हैं। तीनों अस्पतालों में इमरजेंसी से लेकर आईसीयू तक की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
प्रत्येक अस्पताल में करीब 50 डॉक्टरों और कर्मचारियों की टीम बनाई गई है। इसमें कार्डियोलॉजी, मेडिसिन, सर्जरी और हड्डी रोग समेत विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ डॉक्टर शामिल हैं। इनके साथ नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टाफ की भी ड्यूटी लगाई गई है।
सेफ हाउस में बेड, जरूरी दवाइयों, चिकित्सा उपकरणों और अन्य आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा ब्लड का भी इंतजाम किया गया है। शुक्रवार को अधिकारियों ने तीनों अस्पतालों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने इमरजेंसी, आईसीयू, दवाओं और डॉक्टरों की उपलब्धता की समीक्षा की। साथ ही संबंधित अधिकारियों और मेडिकल टीमों को आपात स्थिति में तुरंत सक्रिय होने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री के आगमन पर आज बदला रहेगा यातायात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लखनऊ दौरे के मद्देनजर शनिवार को शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। आपात स्थिति में पुलिस स्कूली वाहनों, शव वाहनों, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड को रास्ता उपलब्ध कराएगी। पुलिस ने लोगों से निर्धारित डायवर्जन प्लान का पालन करने की अपील की है।
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के आसपास यातायात व्यवस्था
डिगडिगा (लोहिया पार्क) चौराहे से आने वाले वाहन गोमतीनगर नए ओवरब्रिज पर नहीं जा सकेंगे। ये वाहन पिकप तिराहे से होते हुए पॉलीटेक्निक चौराहे के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
लोहिया संस्थान तिराहे से इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान की ओर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। लोहिया अस्पताल जाने वाले वाहन पिकप ढाल से उतरकर अस्पताल से पहले तिराहे से बाएं मुड़कर गेट नंबर एक से प्रवेश करेंगे।
पिकप ओवरब्रिज के ऊपर दोराहे से सामान्य यातायात पिकप पुल ढाल के रास्ते इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान की ओर नहीं जा सकेगा। वाहन पॉलीटेक्निक चौराहे होकर जा सकेंगे।
कठौता चौराहे से विजयीपुर अंडरपास होते हुए इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान चौराहे की तरफ सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा।
विजयीपुर अंडरपास से इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान की ओर वाहनों की आवाजाही नहीं होगी।
बैंक ऑफ इंडिया तिराहे से इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान की ओर सामान्य यातायात नहीं जा सकेगा।
समिट बिल्डिंग तिराहे से विजयीपुर शहीद पथ अंडरपास के बीच सर्विस रोड पर सामान्य वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। वाहन पुलिस इन्क्लेव तिराहे से जा सकेंगे।
न्यू हाईकोर्ट मोड़ से इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान चौराहे के बीच सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा।
मेघा मोटर्स की ओर से इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान की तरफ वाहन नहीं आ सकेंगे।
हयात होटल तिराहे की तरफ से भी इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान की ओर सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा।
कमता तिराहे के आसपास डायवर्जन
कमता शहीद पथ तिराहे से विराज टावर होते हुए विजयीपुर अंडरपास तक सर्विस रोड पर सामान्य यातायात नहीं जा सकेगा।
कमता शहीद पथ तिराहे से शहीद पथ पर सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। वाहन पॉलीटेक्निक चौराहे या चिनहट तिराहे से होकर जा सकेंगे।
पॉलीटेक्निक चौराहे के पास व्यवस्था
पॉलीटेक्निक चौराहे से लोहिया पथ के रास्ते हजरतगंज जाने वाला सामान्य यातायात भूतनाथ, बादशाहनगर और निशातगंज होकर जा सकेगा।
समता मूलक चौराहे से वाहन पेपर मिल कॉलोनी, गोमती बैराज पुल और 1090 चौराहे से बालू अड्डा तिराहे होते हुए बटलर रोड की तरफ जा सकेंगे।
इंदिरा नहर पुल अयोध्या मार्ग से कमता तिराहे की ओर सामान्य वाहन, बसें और बड़े व्यावसायिक वाहन नहीं जा सकेंगे। इन वाहनों को इंदिरा नहर पुल चौराहे से किसानपथ होकर जाना होगा।
शहीद पथ के आसपास डायवर्जन
अय्यपा अंडरपास से शहीद पथ पर सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा। वाहन हुसड़िया अंडरपास और हनीमेन चौराहे से होकर जा सकेंगे।
हुसड़िया से शहीद पथ पर सामान्य यातायात नहीं जा सकेगा। इसके लिए ग्वारी चौराहा और दयाल पैराडाइज चौराहे का रास्ता इस्तेमाल किया जा सकेगा।
मलेशेमऊ अंडरपास से शहीद पथ पर वाहन नहीं जा सकेंगे। वाहन डीपीएस कट, पिपराघाट तिराहा और जनेश्वर मिश्र पार्क होकर जा सकेंगे।
सीएमएस गोमतीनगर विस्तार तिराहे से शहीद पथ पर सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा।
निलमथा अंडरपास, जीडी गोयनका, लुलु मॉल, मेदांता अंडरपास और अंसल की तरफ से शहीद पथ पर सामान्य वाहन नहीं जा सकेंगे।
सेक्टर-8 अंडरपास की तरफ से भी शहीद पथ पर सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा।
कानपुर रोड की ओर से आने वाली बसें और बड़े व्यावसायिक वाहन शहीद पथ की तरफ नहीं जा सकेंगे।
अहिमामऊ के पास यातायात व्यवस्था
सुल्तानपुर रोड की ओर से कबीरपुर किसानपथ अंडरपास होते हुए अहिमामऊ अंडरपास चौराहे की तरफ सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा।
खुर्दही बाजार की ओर से अहिमामऊ चौराहे के रास्ते शहीद पथ पर सामान्य वाहन नहीं जा सकेंगे।
एचसीएल तिराहे की तरफ से अहिमामऊ होते हुए शहीद पथ पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा।
रायबरेली मार्ग की तरफ से हरीकंशगढ़ी किसानपथ अंडरपास होते हुए पीजीआई तिराहा और उतरेठिया अंडरपास चौराहे की ओर सामान्य यातायात नहीं जा सकेगा।
सिटी बसों का संचालन भी होगा प्रभावित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम के चलते शनिवार को लखनऊ में सिटी बसों का संचालन प्रभावित रहेगा। एयरपोर्ट, शहीद पथ और अमौसी रूट पर चलने वाली 22 बसों पर इसका असर पड़ सकता है। हालांकि, सिटी ट्रांसपोर्ट प्रशासन बसों का संचालन पूरी तरह बंद नहीं करना चाहता। कार्यक्रम वाले मार्ग पर बसें नहीं चलाई जाएंगी और जरूरत के अनुसार उन्हें वैकल्पिक रास्तों से संचालित किया जा सकता है।
लखनऊ में सिटी ट्रांसपोर्ट की ओर से 125 इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाती हैं। कमता से शहीद पथ होते हुए एयरपोर्ट और अमौसी के लिए भी ई-बसों का संचालन होता है। शनिवार को प्रधानमंत्री एयरपोर्ट से इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान स्थित कार्यक्रम स्थल तक जाएंगे। सुरक्षा कारणों से इस मार्ग पर बसों का संचालन प्रभावित रहेगा। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद बस सेवाएं सामान्य हो जाएंगी।
सिटी ट्रांसपोर्ट के एमडी विमल राजन ने बताया कि ऐसी व्यवस्था की जा रही है, जिससे बसों का संचालन कम से कम प्रभावित हो।
शनिवार और रविवार को लखनऊ में रहेंगे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह शनिवार और रविवार को राजधानी में रहेंगे। इस दौरान वह विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी के मुताबिक, शनिवार को रक्षा मंत्री दोपहर 3:45 बजे एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से सड़क मार्ग से कालिदास मार्ग स्थित अपने आवास जाएंगे।
इसके बाद शाम करीब पांच बजे वह गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान पहुंचेंगे। यहां पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह और राष्ट्रीय टॉपर्स के सम्मान कार्यक्रम में शामिल होंगे।
रविवार को सुबह करीब 11:30 बजे राजनाथ सिंह बाबू बनारसी दास विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगे। इसके बाद दोपहर 1:45 बजे कार्यक्रम स्थल से रवाना होकर 2:05 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचेंगे और देहरादून के लिए प्रस्थान करेंगे।
देहरादून में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद रक्षा मंत्री शाम 6:55 बजे दोबारा लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से शाम सात बजे एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना होंगे। इसके बाद रात 7:40 बजे 5 कालिदास मार्ग स्थित अपने आवास पहुंचेंगे और रात्रि विश्राम करेंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.