ताजमहल और निजामुद्दीन दरगाह जाना चाहते थे पाकिस्तानी मंत्री, भारत सरकार ने नहीं दी अनुमति

HIGHLIGHTS
- पाकिस्तान के जलवायु मंत्री मुसादिक मलिक एससीओ की बैठक में शामिल होने के लिए भारत आए हैं।
- वह 20 से 22 नवंबर तक भारत में रहेंगे।
- मुसादिक मलिक ने आगरा के ताजमहल और दिल्ली की निजामुद्दीन दरगाह जाने की अनुमति मांगी थी।
नई दिल्ली। पाकिस्तान के जलवायु मंत्री मुसादिक मलिक शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचे हैं। भारत यात्रा के दौरान उनकी ताजमहल और निजामुद्दीन दरगाह जाने की भी इच्छा है। हालांकि, इन स्थानों पर जाने के लिए उन्हें भारत सरकार की मंजूरी लेनी होगी। अनुमति मिलने के बाद ही वह इन जगहों की यात्रा कर सकेंगे।
मुसादिक मलिक 20 से 22 नवंबर तक भारत में रहेंगे। इस दौरान वह एससीओ की बैठक के विभिन्न सत्रों में हिस्सा लेंगे। राजधानी के ऐतिहासिक पुराना किला में आयोजित इस बैठक में शामिल होने के लिए कई देशों के प्रतिनिधि दिल्ली पहुंचे हैं।
सरकार की अनुमति के बाद ही हो सकता है आंतरिक दौरा
दूसरे देशों से आने वाले मेहमानों को 'सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम' (सभ्यता संवाद मंच) के अलावा किसी अन्य कार्यक्रम या स्थान पर जाने के लिए भारत सरकार से अनुमति लेनी होती है। सरकार की मंजूरी मिलने के बाद ही विदेशी मेहमान आंतरिक दौरा कर सकते हैं। इसके लिए पहले सुरक्षा से जुड़े पहलुओं की जांच की जाती है और उसके बाद ही अनुमति देने पर फैसला होता है।
ताजमहल और निजामुद्दीन दरगाह जाने की मांगी थी अनुमति
सूत्रों ने एनडीटीपी को बताया कि पाकिस्तानी मंत्री ने आगरा स्थित ताजमहल और दिल्ली की निजामुद्दीन दरगाह जाने की अनुमति मांगी थी। हालांकि, भारत सरकार ने एससीओ की बैठक के अलावा किसी अन्य कार्यक्रम में शामिल होने की इजाजत देने से इनकार कर दिया।
एससीओ कार्यक्रमों तक ही सीमित रहेगी यात्रा
सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तानी मंत्री को साफ कर दिया गया है कि भारत दौरे के दौरान वह केवल एससीओ के कार्यक्रमों में ही शामिल हो सकते हैं। उन्हें किसी अन्य स्थान पर जाने की अनुमति नहीं होगी।
भारत ने 28 अक्टूबर को घोषणा की थी कि स्थापित परंपरा के अनुसार पाकिस्तान समेत एससीओ के सभी सदस्य देशों को बैठक में शामिल होने का निमंत्रण भेजा गया है। इसके बाद पाकिस्तान सरकार ने मुसादिक मलिक की भागीदारी की पुष्टि की थी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.