'मैं पूरी तरह स्वस्थ हूं', मायावती ने बीमारी की खबरों को बताया निराधार, आकाश आनंद पर साधा निशाना

HIGHLIGHTS
- मायावती ने खुद को पूरी तरह स्वस्थ बताते हुए बीमारी की चर्चाओं को निराधार बताया।
- उन्होंने कहा कि आकाश आनंद ने फोन कर उनकी तबीयत के बारे में जानकारी ली थी।
- मायावती ने आरोप लगाया कि आकाश आनंद अभी भी अपने ससुर अशोक सिद्धार्थ के कहने पर काम कर रहे हैं।
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष मायावती ने अपने स्वास्थ्य को लेकर चल रही चर्चाओं पर रविवार को सफाई दी। बीते एक सप्ताह से सोशल मीडिया पर उनकी सक्रियता के बीच खराब स्वास्थ्य को लेकर चर्चा हो रही थी। मीडिया के सामने मायावती ने कहा कि वह पूरी तरह स्वस्थ हैं और उनके अस्वस्थ होने को लेकर फैलाई जा रही बातें निराधार हैं।
मायावती ने आरोप लगाया कि आकाश आनंद उनकी बीमारी को लेकर अफवाह फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि शनिवार रात आकाश आनंद ने उनके घर फोन कर पूछा था कि क्या बहन जी की तबीयत खराब है। मायावती के मुताबिक, तीसरी बार बसपा से निष्कासित आकाश आनंद अभी भी सक्रिय राजनीति से संन्यास ले चुके अपने ससुर अशोक सिद्धार्थ के कहने पर चल रहे हैं।
मायावती ने कहा, "मैं पूरी तरह स्वस्थ हूं, मेरे अस्वस्थ होने की फैलाई जा रही सारी की सारी बातें निराधार हैं। आकाश आनंद अभी भी अपने ससुर के कहने पर चल रहे हैं और अपने दिमाग से काम नहीं कर रहे हैं।"
उन्होंने बताया कि शनिवार रात 10 बजकर 20 मिनट पर आकाश आनंद का उनके निवास पर फोन आया था। वहां से उन्हें बताया गया कि वह स्वस्थ हैं। इसके बाद आकाश आनंद ने कार्यालय प्रभारी आलोक कुमार से कहा कि उनकी इस कॉल के बारे में बहनजी को न बताया जाए।
बसपा अध्यक्ष ने कहा कि आकाश आनंद की इस कॉल के पीछे की मंशा अच्छी भी हो सकती है और गलत भी।
भतीजे आकाश आनंद पर फिर हमलावर हुईं मायावती
मायावती ने कहा कि पार्टी से निकाले गए लोगों की ओर से भ्रम फैलाया गया है और पार्टी में उनकी बीमारी को लेकर भी भ्रम फैलाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आकाश आनंद ने पार्टी इंचार्ज के पास फोन कर उनकी तबीयत के बारे में पूछा था।
मायावती के अनुसार, आकाश आनंद ने कहा था कि बहनजी को यह न बताया जाए कि उन्होंने फोन किया था। बसपा अध्यक्ष ने एक बार फिर कहा कि आकाश आनंद अभी भी अपने ससुर के कहने पर काम कर रहे हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.