मुरादनगर में दहेज के लिए पत्नी की हत्या का आरोप, 30 लाख और स्कॉर्पियो की थी मांग; पति गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
- मृतका के भाई ने पति और ससुराल के अन्य सदस्यों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
- पुलिस ने पति गौरव को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
गाजियाबाद। मुरादनगर थाना क्षेत्र के कस्बा रोड पर छत से गिरने के बाद महिला की मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका के भाई ने पति पर महिला को छत से नीचे फेंककर हत्या करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
नोएडा के भंगेल गांव निवासी प्रभात के अनुसार, उनकी बहन आकृति की शादी मुरादनगर निवासी गौरव से हुई थी। आरोप है कि विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर उनकी बहन के साथ मारपीट करते थे।
परिजनों का आरोप है कि ससुराल की ओर से लगातार 30 लाख रुपये नकद और स्कॉर्पियो कार की मांग की जा रही थी। मांग पूरी नहीं होने पर महिला के साथ मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
प्रभात के मुताबिक, तीन दिन पहले आकृति और उसके पति के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि झगड़े के दौरान उसके जीजा ने बहन को छत से नीचे गिरा दिया। छत से गिरने के बाद महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
दोनों ने किया था प्रेम विवाह
जानकारी के अनुसार, इस साल फरवरी में महिला और उसके पति का विवाह होना तय हुआ था। शादी समारोह के दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया था, जिसके बाद विवाह टूट गया। इसके बाद दोनों ने अपनी मर्जी से कोर्ट में प्रेम विवाह किया था।
पुलिस ने दर्ज रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई शुरू की। एसीपी मसूरी ने बताया कि कस्बा रोड निवासी महिला रिया अपने पति के साथ हुए विवाद के दौरान छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई थी।
मृतका के भाई प्रशांत ने अपने जीजा और उसके परिजनों पर हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एसीपी सुनील कुमार के अनुसार, तहरीर के आधार पर पति गौरव, ससुर रमेश, सास सरोज और ननद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
एसीपी ने बताया कि आरोपी पति गौरव को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, मामले में अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.