मुरादाबाद में सड़क पर कार में लगी अचानक आग, आधे घंटे तक यातायात रहा प्रभावित

HIGHLIGHTS
- आग की सूचना मिलते ही पुलिस ने कांठ की ओर जाने वाला ट्रैफिक रोक दिया।
- मौके पर पहुंचे लोगों में कई ने मोबाइल से घटना का वीडियो बनाया।
- दमकल की गाड़ी पहुंचने के बाद करीब आधे घंटे में यातायात सामान्य हो सका।
मुरादाबाद। हरथला पुलिस चौकी के पास शनिवार शाम सड़क पर खड़ी एक कार में अचानक आग लग गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। उस समय सड़क पर काफी भीड़ थी। कुछ लोग घर लौट रहे थे, जबकि कई लोग सड़क किनारे टहल रहे थे। कार में आग लगने की जानकारी मिलते ही पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर कांठ की तरफ जाने वाले वाहनों को रोक दिया। इसके चलते सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
आग की सूचना मिलने के बाद आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचने लगे। भीड़ में मौजूद कई लोग मोबाइल से घटना का वीडियो बनाने लगे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वीडियो बना रहे लोगों को वहां से हटाया और भीड़ को नियंत्रित किया।
कार में आग लगने की खबर कुछ ही देर में पूरे शहर में फैल गई। बड़ी घटना की आशंका के चलते लोग एक-दूसरे को फोन कर जानकारी लेने लगे। कुछ समय बाद दमकल की गाड़ी भी मौके पर पहुंच गई।
आग बुझाने के लिए दमकल वाहन को सड़क की दूसरी लेन में खड़ा किया गया। इसके बाद सुरक्षा के लिहाज से सड़क के दोनों तरफ वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद पुलिस ने वाहनों का आवागमन फिर से शुरू कराया।
कार में आग लगने पर क्या करें
- तुरंत कार रोकें: आग या धुआं दिखाई देने पर वाहन को सुरक्षित जगह पर रोककर इंजन बंद कर दें।
- सभी लोग बाहर निकलें: चालक समेत सभी यात्री सामान निकालने में समय न गंवाएं और कार से बाहर निकलें। बच्चों और बुजुर्गों को पहले बाहर निकालें।
- वाहन से दूरी बनाएं: कार से काफी दूर चले जाएं और उसके पास खड़े होकर आग बुझाने का प्रयास न करें।
- बोनट या डिक्की पूरी तरह न खोलें: यदि आग इंजन वाले हिस्से में लगी है तो बोनट खोलने पर ऑक्सीजन मिलने से आग की लपटें अचानक बढ़ सकती हैं। जरूरत पड़ने पर इसे थोड़ा उठाकर अग्निशामक यंत्र का इस्तेमाल किया जा सकता है।
- फायर एक्सटिंग्विशर रखें: वाहन में उपयुक्त एबीसी प्रकार का फायर एक्सटिंग्विशर रखना उपयोगी है। आग छोटी होने और सुरक्षित तरीके से पहुंच संभव होने पर ही इसका इस्तेमाल करें।
- पानी न डालें: खासकर पेट्रोल, डीजल या विद्युत प्रणाली से जुड़ी आग पर पानी डालना स्थिति को और खतरनाक बना सकता है।
- आग बुझने के बाद भी कार में वापस न जाएं: ईंधन टैंक या वाहन के दूसरे हिस्सों में आग दोबारा भड़क सकती है।
- धुएं से दूर रहें: अधिक धुआं जहरीला हो सकता है। हवा की दिशा को ध्यान में रखते हुए धुएं से दूरी बनाए रखें।
कार में आग लगने के प्रमुख कारण
मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पांडेय के अनुसार, कार में आग लगने के कई कारण हो सकते हैं। इनमें शॉर्ट सर्किट, वायरिंग में खराबी, ईंधन का रिसाव और इंजन का अधिक गर्म होना प्रमुख हैं।
इसके अलावा सीएनजी या एलपीजी किट में तकनीकी खराबी भी आग लगने की वजह बन सकती है। कार में ज्वलनशील सामान रखना भी खतरा बढ़ा सकता है। पुराने वाहनों में समय पर सर्विसिंग और वायरिंग की जांच नहीं होने पर भी आग लगने का जोखिम अधिक रहता है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.