‘5 मिनट में वर्दी उतरवा दूंगा’... मुजफ्फरनगर में कांवड़िए ने इंस्पेक्टर को दी धमकी, वीडियो वायरल

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा के दौरान विवाद, हाईटेंशन लाइन के नीचे डीजे कांवड़ पर चढ़े लोगों को पुलिस ने नीचे उतरने को कहा तो हंगामा शुरू हो गया।
- पुलिसकर्मियों और मीडियाकर्मियों से धक्का-मुक्की के आरोप, घटना के दौरान शिव चौक पर कुछ देर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
- वायरल वीडियो के आधार पर जांच शुरू, पुलिस हंगामा करने वालों की पहचान कर कार्रवाई की तैयारी में जुटी है।
मुजफ्फरनगर: कांवड़ यात्रा के दौरान शुक्रवार रात शहर के शिव चौक क्षेत्र में उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब कांवड़ियों के एक समूह और पुलिस के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और कुछ लोगों पर पुलिसकर्मियों तथा मौके पर मौजूद मीडियाकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगे। घटना के वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, हरिद्वार से जल लेकर गाजियाबाद जा रहा 50 से अधिक कांवड़ियों का जत्था शहर से गुजर रहा था। नॉवल्टी चौराहे के पास एक डबल-डेकर डीजे कांवड़ पर कुछ युवक ऊपर चढ़ गए। इसी दौरान पुलिस ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए उन्हें नीचे उतरने की सलाह दी।
बताया गया कि कांवड़ के ऊपर से 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन गुजर रही थी और किसी भी संभावित हादसे को रोकने के लिए पुलिस ने यह कदम उठाया। हालांकि, इस दौरान कुछ लोगों ने आपत्ति जताई, जिसके बाद माहौल गर्मा गया।
शिव चौक पर बढ़ा विवाद
विवाद के बीच कांवड़ यात्रा शिव चौक पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने परंपरा के अनुसार परिक्रमा की। इसके बाद कुछ लोग वहीं बैठ गए और विरोध जताने लगे। सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी (सीओ) सिटी सिद्धार्थ के. मिश्रा भी अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने का प्रयास किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ लोगों ने पुलिस अधिकारियों से तीखी बहस की और माफी की मांग को लेकर अड़े रहे। इसी दौरान पुलिसकर्मियों और मीडियाकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की घटनाएं भी सामने आईं।
वीडियो के आधार पर पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हंगामा करने वाले लोगों की पहचान की जा रही है। यदि जांच में किसी के द्वारा कानून-व्यवस्था भंग करने या पुलिस कार्य में बाधा डालने की पुष्टि होती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उधर, घटना के दौरान मौजूद एक मीडियाकर्मी ने दो नामजद और करीब 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.