बठिंडा में लूट के बाद भाग रहे पांच आरोपियों की कार खेत में पलटी, ग्रामीणों ने तीन आरोपियों को दबोचा

HIGHLIGHTS
- बठिंडा जिले के संगत मंडी क्षेत्र में मंगलवार सुबह लूट की वारदात हुई।
- पांच आरोपियों ने बलकरण सिंह को रास्ते में घेर लिया।
- आरोपियों ने करीब 50 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन छीन लिया।
बठिंडा। जिले के संगत मंडी इलाके में मंगलवार सुबह लूट की वारदात को अंजाम देकर भाग रहे पांच आरोपियों की कार बेकाबू होकर खेतों में पलट गई। हादसे के बाद कार में सवार दो आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि तीन को खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने पकड़ लिया। इस दुर्घटना में पकड़े गए तीनों आरोपियों को मामूली चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही थाना संगत पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने सभी पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर फरार दोनों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
आरोपियों की पहचान और वारदात का विवरण
पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपियों की पहचान गांव मैहना निवासी बब्बू, रविंदर सिंह और हरदीप सिंह के रूप में हुई है। वहीं, फरार आरोपियों के नाम गांव कुटी निवासी हरदीप सिंह और प्रीति सिंह बताए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, गांव मैहना का रहने वाला बलकरण सिंह राजमिस्त्री का काम करता है। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे वह बाइक से गांव महिमा की तरफ जा रहा था। इसी दौरान पांचों आरोपी वैगनआर कार में उसका पीछा कर रहे थे। आरोपियों की नजर बलकरण सिंह की जेब में रखी नकदी पर पड़ी। उन्होंने रास्ते में उसे घेर लिया और करीब 50 हजार रुपये नकद तथा मोबाइल फोन छीनकर कार से फरार हो गए।
ग्रामीणों ने पीछा कर तीन आरोपियों को पकड़ा
लूट की घटना के बाद बलकरण सिंह ने शोर मचाया। उसकी आवाज सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचे और आरोपियों की कार का पीछा करने लगे। ग्रामीणों को पीछे आते देख आरोपी घबरा गए और उन्होंने कार की रफ्तार बढ़ा दी। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे कार खेतों में पलट गई।
हादसे के बाद कार से बाहर निकलकर दो आरोपी फरार हो गए, जबकि तीन को ग्रामीणों ने मौके पर ही पकड़ लिया।
थाना संगत के प्रभारी इंस्पेक्टर हरबंस सिंह ने बताया कि ग्रामीणों ने तीन आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया है। पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फरार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.