अमृतपाल सिंह को बड़ी राहत, दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए मिली अंतरिम जमानत

HIGHLIGHTS
- डिब्रूगढ़ जेल में बंद खडूर साहिब के सांसद अमृतपाल सिंह को अदालत से राहत मिली है।
- अदालत ने उन्हें दादी माता चरण कौर के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए एक दिन की अंतरिम जमानत दी है।
- अमृतपाल सिंह के चाचा हरजीत सिंह को तीन दिन और सुखमन को दो दिन की अंतरिम जमानत मिली है।
चंडीगढ़। असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद खडूर साहिब के लोकसभा सांसद अमृतपाल सिंह को बड़ी राहत मिली है। अदालत ने उन्हें अपनी दादी माता चरण कौर के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए एक दिन की अंतरिम जमानत दे दी है। वहीं, उनके चाचा हरजीत सिंह को तीन दिन और सुखमन को दो दिन की अंतरिम जमानत मंजूर की गई है।
सांसद अमृतपाल सिंह के वकीलों ने अदालत में तीन दिन की अंतरिम जमानत के लिए याचिका दायर की थी। इस मामले में अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश की अदालत में सुनवाई हुई। सुनवाई के बाद पारिवारिक और मानवीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए अदालत ने अंतरिम जमानत का आदेश दिया। वकीलों ने दलील दी थी कि गंभीर मामलों में जेल में बंद लोगों को भी पारिवारिक आयोजनों में शामिल होने का अधिकार है।
अमृतपाल सिंह के वकील कर्मवीर सिंह ने बताया कि अंतरिम जमानत की तारीखों में बदलाव के लिए अदालत में गुहार लगाई जाएगी। उनका कहना है कि 14 तारीख को बेहद कम समय मिलने के कारण डिब्रूगढ़ से सुरक्षा के बीच पहुंचना और जरूरी औपचारिकताएं पूरी करना मुश्किल होगा। ऐसे में जमानत की अवधि 17 नवंबर तक बढ़ाने की मांग की जाएगी।
सिर्फ अंतिम संस्कार में शामिल होने की मिली छूट
परिवार और धार्मिक परंपराओं के मुताबिक, 14 नवंबर को अंतिम संस्कार किया जाना है। अदालत ने इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अंतरिम राहत दी है। इसके बाद 15 नवंबर को अस्थियों का जल प्रवाह और श्री अखंड पाठ साहिब के आरंभ का कार्यक्रम रखा गया है। वहीं, 17 नवंबर को श्री अखंड पाठ साहिब का भोग और अंतिम अरदास होगी। इन्हीं कार्यक्रमों को ध्यान में रखते हुए अदालत से राहत देने की मांग की गई थी।
वकीलों ने अदालत में रखी थी यह दलील
अमृतपाल सिंह के वकीलों ने अदालत के सामने कहा था कि परिवार के इस दुखद समय में सांसद की मौजूदगी बेहद जरूरी है। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब उनके जेल से बाहर आकर धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होने का रास्ता साफ हो गया है।
यह दूसरी बार है जब अमृतपाल सिंह जेल से बाहर आएंगे। इससे पहले सांसद बनने के बाद शपथ लेने के लिए उन्हें एक दिन की छूट दी गई थी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.