पंजाब में AAP की दूसरी लिस्ट आते ही बगावत, राजासांसी से तीन पदाधिकारियों ने दिया इस्तीफा

HIGHLIGHTS
- पंजाब में 2027 विधानसभा चुनाव के लिए AAP की दूसरी उम्मीदवार सूची के बाद नाराजगी सामने आई।
- राजासांसी से सोनिया मान को टिकट दिए जाने पर तीन पदाधिकारियों ने इस्तीफा दिया।
- सुखदीप सिंह छीना ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और अपने सभी पद छोड़ दिए।
पंजाब में आम आदमी पार्टी की दूसरी उम्मीदवार सूची जारी होने के बाद पार्टी में पहला इस्तीफा सामने आ गया है। 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा के साथ ही पार्टी के भीतर नाराजगी भी बढ़ने लगी है।
आप की दूसरी सूची आने के बाद तीन पदाधिकारियों ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। ये तीनों इस्तीफे राजासांसी विधानसभा हलके से जुड़े हैं। यहां सोनिया मान को टिकट दिए जाने से नाराज पंजाब डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड के डायरेक्टर सुखदीप सिंह छीना ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता के साथ अपने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना त्यागपत्र पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा को भेजा है।
इसके अलावा हलके के इंचार्ज राजवीर सिंह छीना और एससी विंग के कोऑर्डिनेटर गुरदेव सिंह चांचोटी ने भी अपने पद छोड़ दिए हैं। सोनिया मान को उम्मीदवार बनाए जाने के फैसले से पार्टी के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है। लगातार सामने आ रहे इस्तीफों से पार्टी के अंदर चल रही असंतुष्टि भी उजागर होने लगी है।
सुखदीप सिंह छीना करीब 13 साल से आम आदमी पार्टी से जुड़े हुए थे। उनका कहना है कि राजासांसी से सोनिया मान को टिकट देने का निर्णय पार्टी के पुराने कार्यकर्ताओं की अनदेखी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सोनिया मान की गलतियों के चलते लगातार पार्टी कार्यकर्ता टूट रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें टिकट देकर पुराने कार्यकर्ताओं की नाराजगी को नजरअंदाज किया गया है।
गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी ने 12 नवंबर को जारी अपनी उम्मीदवारों की सूची में सोनिया मान को राजासांसी से प्रत्याशी घोषित किया था। इसके अगले ही दिन सुखदीप सिंह छीना का इस्तीफा सामने आया। इस घटनाक्रम ने चुनाव से पहले राजासांसी हलके में पार्टी के भीतर असंतोष को उजागर कर दिया है।
राजासांसी से टिकट मिलने पर बोलीं सोनिया मान- पिता का सपना पूरा करूंगी
आम आदमी पार्टी की ओर से राजासांसी सीट से उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद सोनिया मान के समर्थकों में खुशी का माहौल है। सोनिया मान ने टिकट देने के लिए पार्टी हाईकमान का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर भरोसा जताते हुए बड़ी जिम्मेदारी दी है। पार्टी कार्यकर्ताओं के सहयोग से वह राजासांसी सीट जीतकर पार्टी की झोली में डालेंगी।
सोनिया मान ने बताया कि उनके पिता बलदेव सिंह मान वर्ष 1980 और 1985 में राजासांसी से विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं। उनके पिता का सपना किसानों और मजदूरों की आवाज बनना था। पिता की ओर से लिखे गए पत्र में दिए संदेश को आगे बढ़ाकर वह उनका सपना पूरा करना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि बेटियां भी अपने पिता के सपनों को साकार कर सकती हैं।
क्षेत्र के विकास को लेकर सोनिया मान ने कहा कि राजासांसी में लड़कियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए आईटीआई कॉलेज खुलवाना उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी। इसके साथ ही उन्होंने नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान को और तेज करने की बात कही। सोनिया मान ने क्षेत्र के लोगों से उन्हें अपनी बेटी मानकर समर्थन देने की अपील की।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.