पंजाब चुनाव 2027: कांग्रेस स्थानीय उम्मीदवारों को देगी प्राथमिकता, मेरिट के आधार पर मिलेंगे टिकट

HIGHLIGHTS
- पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए कांग्रेस ने उम्मीदवार चयन की रणनीति बताई।
- पीपीसीसी अध्यक्ष प्रगट सिंह ने स्थानीय उम्मीदवारों को प्राथमिकता देने की बात कही।
- टिकटों का वितरण मेरिट और सर्वेक्षण के आधार पर किया जाएगा।
बरनाला। पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस ने उम्मीदवारों के चयन को लेकर अपनी रणनीति स्पष्ट कर दी है। पार्टी स्थानीय उम्मीदवारों को प्राथमिकता देगी, लेकिन सर्वेक्षण में पहले स्थान पर रहने वाले उम्मीदवार की योग्यता को भी नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। टिकटों का वितरण पूरी तरह मेरिट के आधार पर होगा। यह जानकारी पीपीसीसी अध्यक्ष प्रगट सिंह ने बरनाला के एक निजी पैलेस में ‘पंजाब मांगता इंसाफ यात्रा’ के तहत आयोजित कार्यक्रम के दौरान बातचीत में दी।
उन्होंने कहा कि पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो चुकी हैं। इस दौरान उन्होंने आम आदमी पार्टी सरकार के पांच साल के कार्यकाल, उम्मीदवारों के चयन, किसानों से जुड़े मुद्दों, बंदी सिंहों की रिहाई और पंजाब के भविष्य को लेकर अपनी बात रखी।
प्रगट सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने के समय खुद को नई पार्टी बताते हुए जनता से समय मांगा था। शुरुआत में सरकार की ओर से कहा जाता था कि सत्ता में आए अभी छह महीने या एक साल ही हुआ है, लेकिन अब पांच साल का कार्यकाल पूरा होने वाला है। ऐसे में सरकार के कामकाज का आकलन करने का समय आ गया है।
उन्होंने कहा कि जनता सरकार को काम करने का मौका दे चुकी है और अब सरकार को अपने कामों का हिसाब देना चाहिए तथा सवालों के जवाब देने चाहिए।
कांग्रेस की चुनावी रणनीति पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी उम्मीदवारों का चयन मेरिट और सर्वेक्षण के आधार पर करेगी। सर्वे में सबसे आगे रहने वाले उम्मीदवार की योग्यता को अनदेखा नहीं किया जाएगा।
स्थानीय उम्मीदवारों को प्राथमिकता देने के सवाल पर उन्होंने कहा कि हलके का स्थानीय नेता 24 घंटे लोगों के बीच रहता है और उसका जनता से लगातार संपर्क व संवाद बना रहता है।
उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब के लोगों को मिलने वाली सुविधाएं सिर्फ घोषणाओं तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उन्हें कानूनी रूप दिया जाना जरूरी है। भाजपा की नीतियों के कारण पंजाब के साथ भेदभाव हो रहा है और अब लोग इस स्थिति को समझने लगे हैं।
कांग्रेस में मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर प्रगट सिंह ने कहा कि इस पर फैसला पार्टी के विधायक करेंगे। चुनाव के बाद सभी निर्वाचित विधायक आपसी विचार-विमर्श के जरिए अपना नेता चुनेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी में राजा वड़िंग, चरणजीत सिंह चन्नी और प्रताप सिंह बाजवा जैसे अनुभवी नेता मौजूद हैं।
अंत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य पंजाब को कैलिफोर्निया या सिंगापुर बनाने के दावे करना नहीं है, बल्कि राज्य की वास्तविक पहचान, किसानी, संस्कृति और विरासत को फिर से मजबूत करना है।
कार्यक्रम में कांग्रेस विधायक कुलदीप सिंह काला ढिल्लों, मोहम्मद सदीक, दिवंगत गायक सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह सिद्धू, ब्लॉक शहरी प्रधान महेश कुमार लोटा, बिट्टू शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बलकौर सिंह सिद्धू ने सरकार की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
दिवंगत गायक सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह सिद्धू ने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि आजादी के बाद उन्होंने पहली बार इतनी निकम्मी सरकार देखी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बनने के पहले ही सप्ताह में पंजाब के छह फुट लंबे गबरू नौजवानों की मौत हो गई।
अपने परिवार के साथ हुई घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने इसे बेहद दुखद बताया और सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से मौतों को औसत के आंकड़ों के तौर पर पेश करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उनके आरोप के मुताबिक, प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ चुकी है और गुंडागर्दी लगातार बढ़ रही है।
प्रगट सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस के आगे बढ़ने का दावा
पूर्व सांसद मोहम्मद सदीक ने प्रगट सिंह की तारीफ करते हुए कहा कि वह पहले हॉकी खिलाड़ी रह चुके हैं और उन्हें गोल करना अच्छी तरह आता है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रगट सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस आगे बढ़ेगी।
मोहम्मद सदीक ने कहा कि पुलिस सेवा, खेल और राजनीति में रहने के बावजूद प्रगट सिंह की छवि पर कोई दाग नहीं लगा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.