माता नैना देवी से लौट रहे श्रद्धालुओं की पिकअप ट्रक से टकराई, महिला समेत 3 की मौत

HIGHLIGHTS
- श्रद्धालुओं से भरी महिंद्रा पिकअप जीप सड़क किनारे खड़े टिपर ट्रक से टकरा गई।
- जीप में 30 से अधिक लोग सवार थे।
- सभी श्रद्धालु माता नैना देवी मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे।
लुधियाना। सोमवार देर रात माता नैना देवी मंदिर से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की महिंद्रा पिकअप जीप पावत पुल के पास एक टिपर ट्रक से टकरा गई। इस भीषण हादसे में एक महिला और दो नाबालिग लड़कों की जान चली गई। मृतकों की पहचान गुरोन कॉलोनी निवासी मधु देवी (35), गौरव (17) और मुन्ना (13) के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, कल छठ पूजा का पर्व था। गुरोन कॉलोनी में रहने वाले प्रवासी मजदूरों का एक समूह दिन में गढ़ी पुल पर पूजा-अर्चना और व्रत पूरा करने के बाद माता नैना देवी मंदिर में दर्शन के लिए गया था। पिकअप जीप में 30 से अधिक श्रद्धालु सवार थे। सभी माता के दर्शन करने के बाद पूरी श्रद्धा के साथ वापस लौट रहे थे।
सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराई जीप
माछीवाड़ा साहिब लौटते समय पावत पुल के पास उनकी पिकअप जीप सड़क किनारे खड़े एक टिपर ट्रक के पिछले हिस्से से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि कई श्रद्धालु जीप से उछलकर सड़क पर गिर गए, जबकि वाहन के अंदर मौजूद अन्य लोग आपस में टकराने से घायल हो गए।
ड्राइवर के बगल में आगे की सीट पर बैठी मधु देवी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, आगे बैठे गौरव और मुन्ना ने अस्पताल पहुंचने के बाद दम तोड़ दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे में जीप चालक कमलेश की हालत भी गंभीर बताई जा रही है। उसका अस्पताल में उपचार चल रहा है। अन्य घायल श्रद्धालुओं को इलाज के लिए अलग-अलग निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से घायल लोगों को दूसरे चिकित्सा केंद्रों में रेफर किया जा रहा है।
पुलिस ने तीनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। हादसे का शिकार हुए सभी श्रद्धालु माछीवाड़ा की गुरोन कॉलोनी के रहने वाले थे और एक-दूसरे के पड़ोसी थे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.