जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर भारी भूस्खलन, NH-44 पर मलबा गिरने से यातायात प्रभावित

HIGHLIGHTS
- रविवार शाम करीब साढ़े चार बजे धर्मथल इलाके में भूस्खलन हुआ।
- भूस्खलन से पहले पहाड़ी से रुक-रुककर पत्थर गिर रहे थे।
- खतरा देखते हुए जम्मू से श्रीनगर जाने वाले वाहनों को रोक दिया गया था।
ऊधमपुर। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-44) पर ऊधमपुर और चिनैनी के बीच धर्मथल इलाके में रविवार शाम करीब साढ़े चार बजे अचानक भारी भूस्खलन हो गया। पहाड़ी का बड़ा हिस्सा दरकने से श्रीनगर की ओर जाने वाली अप ट्यूब पर बड़ी मात्रा में मलबा आ गिरा, जिससे यातायात प्रभावित हो गया। राहत की बात रही कि भूस्खलन से पहले ही एहतियात के तौर पर जम्मू से श्रीनगर जाने वाले वाहनों को सुरक्षित दूरी पर रोक दिया गया था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भूस्खलन से कुछ समय पहले पहाड़ी से रुक-रुककर पत्थर गिरने लगे थे। खतरे को देखते हुए यातायात पुलिस ने जम्मू से श्रीनगर जाने वाले वाहनों को रोक दिया। करीब दस मिनट बाद पहाड़ी का बड़ा हिस्सा अचानक दरक गया और मलबा सड़क पर आ गिरा। मलबे के साथ पहाड़ी पर लगे करीब आधा दर्जन पेड़ भी टूटकर हाईवे पर गिर गए।
यातायात पूरी तरह ठप होने से बचाने के लिए रूट डायवर्ट
भूस्खलन के बाद यातायात पुलिस ने बड़े वाहनों की आवाजाही रोक दी। प्रभावित हिस्से में छोटे यात्री वाहनों को श्रीनगर से जम्मू जाने वाली डाउन ट्यूब की तरफ डायवर्ट किया गया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित न हो।
ट्रैफिक कंट्रोल यूनिट ऊधमपुर के अनुसार, अप ट्यूब पर काफी मात्रा में मलबा जमा है। मलबा हटाने के लिए मशीनें मौके पर पहुंच गई हैं और काम शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, स्थिति सामान्य रहने पर अगले तीन से चार घंटे में मलबा हटाकर यातायात बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।
वाहनों की लंबी कतार
धर्मथल में बड़े वाहनों की आवाजाही रुकने का असर ऊधमपुर शहर के आसपास के मार्गों पर भी दिखाई दिया। जखैनी से लेकर टिकरी और मजालता तक राष्ट्रीय राजमार्ग और धार रोड पर कई जगह वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.