जावेद हबीब पर ठगी का शिकंजा, पुलिस ने दिल्ली में मारा छापा, अब मुंबई में तलाश जारी

संभल। पांच करोड़ रुपये की ठगी के आरोप में नामजद हेयरड्रेसर जावेद हबीब और उनके बेटे अनोस हबीब की तलाश में संभल पुलिस दिल्ली के फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित उनके घर पहुंची, लेकिन आरोपी पिता-पुत्र घर पर नहीं मिले। सर्च वारंट के तहत पुलिस ने घर की भी तलाशी ली, लेकिन आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला। अब पुलिस टीम मुंबई भेजकर उनकी तलाश करेगी।
एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि जावेद और अनोस को 12 अक्तूबर तक पुलिस के सामने पेश होने और जांच में सहयोग करने का नोटिस दिया गया था, लेकिन वे नहीं आए।
32 मामलों में नामजद हैं आरोपी
एसपी ने बताया कि जावेद हबीब, उनके बेटे अनोस और संभल के मोहल्ला नई सराय निवासी सैफुल के खिलाफ रायसत्ती थाने में कुल 32 धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं। यह सभी मामले क्रिप्टो कॉइन में निवेश के नाम पर लोगों को ठगी के आरोप से जुड़े हैं। पुलिस के सामने अब तक 47 पीड़ित सामने आए हैं। इनमें कई ऐसे लोग भी शामिल हैं, जिन्होंने उधार लेकर निवेश किया था।
संपत्ति जब्त की संभावना
एसपी ने बताया कि जावेद हबीब के अधिवक्ताओं ने तीन दिन पहले थाने में यह आश्वस्त किया था कि वे ठगी के पैसे लौटाएंगे और जांच में सहयोग करेंगे। यदि ऐसा नहीं हुआ, तो पुलिस उनकी संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई कर सकती है।
पीड़ितों में महिलाएं भी शामिल
ठगी का मामला खुलने के बाद पीड़ितों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इनमें कई महिलाएं भी हैं, जिन्होंने ज्यादा मुनाफे का झांसा देकर निवेश किया था। कुछ महिलाओं ने तहरीर दी है, जबकि कई ने अभी तक नहीं दी, लेकिन उनके परिवार में क्लेश की स्थिति बनी हुई है।
यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बन गया है और पुलिस अब मुंबई में आरोपियों की तलाश तेज कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.