कसारी मसारी नहीं, अब ‘श्रीकृष्णपुरी’ कहिए! CM योगी का बड़ा ऐलान

HIGHLIGHTS
- पद्म आवास योजना के तहत बनाए जाएंगे 2-BHK के 602 फ्लैट
- अतीक अहमद के अवैध कब्जे से मुक्त कराई गई 15 बीघा जमीन पर निर्माण
- लूकरगंज में भी मुक्त कराई गई जमीन पर बने हैं प्रधानमंत्री आवास
प्रयागराज। माफिया अतीक अहमद के गढ़ रहे प्रयागराज के कसारी मसारी इलाके में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने इस इलाके का नाम बदलकर ‘कृष्णपुरी’ करने की घोषणा की। साथ ही कहा कि माफियागीरी करने का दुस्साहस करने वालों को मिट्टी में मिलने के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि अवैध कब्जा करने वालों को अपने बाप-दादा की संपत्ति से भी हाथ धोना पड़ सकता है। इस जमीन पर गरीबों के लिए आवास बनाए जाएंगे।
माफिया की जमीन पर 602 फ्लैट बनाने की योजना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को कसारी मसारी में माफिया अतीक अहमद के अवैध कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन पर पद्म आवास योजना के लिए भूमि पूजन किया। इस योजना के तहत यहां 2-बीएचके के 602 फ्लैट बनाए जाने हैं।
सीएम योगी ने कहा कि माफिया अतीक और अशरफ जहां कदम रखते थे, उस जमीन पर उनका कब्जा हो जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार माफिया के सामने घुटने टेकती थी और माफिया हथियार लहराकर लोगों में दहशत फैलाते थे।
2017 के बाद माफिया के खिलाफ अभियान का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 में भाजपा सरकार बनने के बाद प्रदेश को माफिया से मुक्त कराने के लिए अभियान शुरू किया गया था। अब इसका असर दिखाई देने लगा है। कसारी मसारी में पद्म आवास योजना का निर्माण इसी बदलाव का प्रमुख उदाहरण है।
उन्होंने बताया कि इससे पहले प्रयागराज के लूकरगंज में भी माफिया अतीक के अवैध कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान बनवाए गए थे।
सीएम योगी ने विधायक राजू पाल की हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय सपा सरकार माफिया के सामने गिड़गिड़ा रही थी। उन्होंने कहा कि माफिया को सजा मिलनी चाहिए। अब अतीक के अवैध कब्जे से मुक्त कराई गई 15 बीघा जमीन पर पद्म आवास योजना शुरू की जा रही है।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, इस जगह पर कभी माफिया अतीक का अस्तबल हुआ करता था और यह अय्याशी का केंद्र थी। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पीपलगांव में प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को चाबियां भी वितरित कीं।
असरावल कला में महाराजा बिजली पासी के नाम पर खुलेगी ITI
पद्म आवास योजना के भूमि पूजन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शहर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र में ITI खोलने की भी घोषणा की। उन्होंने बताया कि असरावल कला में महाराजा बिजली पासी के नाम पर ITI की स्थापना की जाएगी।
सीएम योगी ने कहा कि महाराजा बिजली पासी 12वीं शताब्दी के प्रतापी राजा और सनातन धर्म के प्रबल रक्षक थे। उनके नाम पर ITI स्थापित होने से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.