लखीमपुर: डीएम कार्यालय के बाहर युवक ने लहराई कुल्हाड़ी, पुलिस ने हिरासत में लेकर छोड़ा

HIGHLIGHTS
- लखीमपुर कलेक्ट्रेट में युवक ने कुल्हाड़ी लहराकर किया प्रदर्शन, फरियादियों और सुरक्षाकर्मियों में मची अफरातफरी।
- पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की और हिदायत देकर छोड़ दिया।
- युवक ने जमीन विवाद में कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए डीएम को ज्ञापन सौंपा था।
लखीमपुर। जिलाधिकारी कार्यालय में ज्ञापन देने के बाद बाहर निकले एक युवक ने अचानक कुल्हाड़ी लहराते हुए सभागार के सामने प्रदर्शन शुरू कर दिया। युवक की इस हरकत से वहां मौजूद फरियादियों और सुरक्षाकर्मियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में हिदायत देकर छोड़ दिया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
कलेक्ट्रेट परिसर में कुल्हाड़ी लेकर प्रदर्शन करने वाले युवक की पहचान सिंगाही थाना क्षेत्र के भैरमपुर गांव निवासी राम सिंह के रूप में हुई है। युवक ने खुद को पृथ्वीराज चौहान का वंशज बताते हुए वहां मौजूद लोगों को धमकाया। इस दौरान उसने कहा कि उसने पंचर जोड़ने का काम भी किया है। उसके पिता साइकिल की सर्विसिंग करते थे और अब वह यहां तैनात अधिकारियों की सर्विस कर देगा।
जानकारी के अनुसार, राम सिंह गुरुवार को डीएम कार्यालय पहुंचा था। उसने प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि गांव में जिस जमीन पर वह करीब 20 वर्षों से कूड़ा डाल रहा है, उस पर पूर्व प्रधान वीरेंद्र सिंह कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। उसका आरोप है कि कूड़ा डालने जाने पर पूर्व प्रधान ने अपने बेटे जितेंद्र सिंह, विनोद सिंह और नीरज सिंह के साथ मिलकर उसके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट का प्रयास किया।
राम सिंह ने बताया कि उसने इस मामले की शिकायत थाने में की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी वजह से वह डीएम कार्यालय पहुंचा था। डीएम को ज्ञापन देने के बाद बाहर निकलते ही उसने कुल्हाड़ी लहराकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। युवक को कुल्हाड़ी के साथ देखकर वहां मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों में अफरातफरी का माहौल बन गया।
राम सिंह की मां ने आरोप लगाया कि वह पिछले तीन दिनों से थाने और प्रशासनिक अधिकारियों के चक्कर लगा रही हैं, लेकिन उनकी शिकायत पर कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधान का परिवार को धमकाने का सिलसिला जारी है, जिससे उनके परिवार को खतरा बना हुआ है।
उन्होंने बताया कि घर में दो छोटे बच्चे हैं और बहू की मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं है। ऐसे में पूरा परिवार डर के माहौल में रहने को मजबूर है। सूचना मिलने पर सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को कुल्हाड़ी सहित हिरासत में लेकर पूछताछ की। कलेक्ट्रेट परिसर में मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
राम सिंह पर भी लगे कब्जे के आरोप
कलेक्ट्रेट में कुल्हाड़ी लेकर प्रदर्शन के बाद सिंगाही पुलिस ने राम सिंह के गांव पहुंचकर मामले की जानकारी ली। ग्रामीणों ने राम सिंह पर ही कब्जा कर नाली बनाने का आरोप लगाया है। महिला सुंदरी ने बताया कि वह दुकान चलाती हैं। उनका आरोप है कि राम सिंह उन्हें ही नहीं, बल्कि दुकान पर आने वाले लोगों को भी गाली देता है।
हिदायत देकर छोड़ा गया
शहर कोतवाल राजेश कुमार सिंह ने बताया कि युवक को पूछताछ के लिए कोतवाली लाया गया था। उसकी मां ने युवक का मानसिक संतुलन ठीक नहीं होने की बात बताई। इसके बाद उसे हिदायत देकर छोड़ दिया गया। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए कलेक्ट्रेट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.