लखनऊ में गोबर की छींटों के बीच बन रही थीं मिठाइयां, परिसर में बंधी थीं 40-50 भैंसें; खाद्य विभाग ने दुकान सील की

HIGHLIGHTS
- जांच के दौरान करीब 1000 लीटर मिठाई बनाने का घोल मिला।
- घोल में मरी हुई मक्खियां पाए जाने की बात सामने आई।
- 686 किलो खाद्य सामग्री भी टीम ने जब्त की।
लखनऊ के काकोरी स्थित हरदोईया लालनगर की शिवाछी स्वीट में शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने जांच की। इस दौरान प्रतिष्ठान में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। गंदगी के बीच मिठाइयां तैयार की जा रही थीं। परिसर में 40 से 50 भैंसें बंधी हुई थीं और उनके गोबर की छींटें तैयार मिठाइयों पर पड़ रही थीं। कार्रवाई के बाद विभाग ने प्रतिष्ठान को तत्काल बंद करा दिया।
सहायक आयुक्त द्वितीय (खाद्य) विजय प्रताप सिंह के अनुसार, जांच के दौरान करीब 1000 लीटर मिठाई बनाने का घोल मिला, जिसमें मरी हुई मक्खियां पड़ी थीं। इसके अलावा 1,675 किलो मिठाइयां दूषित पाई गईं। इनमें 1,000 किलो कलाकंद, 300 किलो डोडा बर्फी, 350 किलो चिकनी बर्फी और 25 किलो पेड़ा शामिल हैं।
कुल 2,675 किलो दूषित खाद्य पदार्थ को नष्ट कराने का निर्णय लिया गया है। देर रात कार्रवाई पूरी होने के कारण सामग्री को कमरे में रखकर सील कर दिया गया। इसे अगले दिन टीम की मौजूदगी में नष्ट कराया जाएगा।
जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जाएंगे नमूने
जांच के दौरान टीम ने 686 किलो खाद्य सामग्री भी जब्त की, जिसकी कीमत 79,170 रुपये बताई गई है। जब्त सामग्री में सूजी, स्किम्ड मिल्क पाउडर, बूंदी, मूंगफली, गरी लच्छा, फिटकरी और अन्य सामान शामिल हैं।
मौके से लिए गए 15 नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
बिना सुरक्षा उपकरणों के काम करते मिले कर्मचारी
जांच के दौरान करीब 25 कर्मचारी बिना एप्रेन, सिर ढकने वाले कपड़े और दस्ताने के काम करते पाए गए। कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण भी नहीं कराया गया था। परिसर में खुली नाली और गंदा पानी भी मिला।
विभाग ने प्रतिष्ठान के संचालक संजीत कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर लाइसेंस निलंबित या निरस्त किया जा सकता है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.