महाराष्ट्र निकाय चुनाव: शुरुआती रुझानों में महायुति को बढ़त, विपक्ष पीछे

मुंबई। महाराष्ट्र में नगर पंचायत और नगर परिषद के चुनावों के शुरुआती रुझानों में भाजपा के नेतृत्व वाली महायुति को स्पष्ट बढ़त मिलती दिख रही है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार महायुति गठबंधन 218 सीटों पर आगे चल रहा है, जबकि विपक्षी महा विकास अघाड़ी (एमवीए) 47 सीटों तक सीमित नजर आ रही है।
प्रारंभिक रुझानों के मुताबिक भाजपा 127 सीटों पर आगे है, जबकि शिवसेना को 54 और एनसीपी को 37 सीटों पर बढ़त मिली है। वहीं विपक्षी खेमे में कांग्रेस 31 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि शिवसेना (यूबीटी) और एनसीपी (एसपी) क्रमशः 9 और 7 सीटों पर ही बढ़त बना पाए हैं। अन्य दलों और निर्दलीयों को 23 सीटों पर बढ़त मिली है।
स्थानीय निकाय चुनावों के ये नतीजे महायुति की 2024 के विधानसभा चुनावों में मिली बड़ी जीत के लगभग एक वर्ष बाद सामने आए हैं। साथ ही, अगले महीने प्रस्तावित बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनावों से पहले इन परिणामों को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।
विपक्ष कमजोर, महायुति ने दिखाया समन्वय
कृषि संकट, किसानों की आर्थिक मदद और महिलाओं से जुड़ी कल्याणकारी योजनाओं को लेकर उठे सवालों के बावजूद विपक्षी गठबंधन प्रभावी चुनौती पेश नहीं कर सका। कांग्रेस ने विदर्भ और मराठवाड़ा क्षेत्रों में सक्रियता दिखाई, लेकिन शिवसेना (यूबीटी) और एनसीपी (एसपी) के कई नेता जमीनी स्तर पर प्रचार में कम नजर आए।
इसके विपरीत, महायुति ने चुनाव में पूरी ताकत झोंक दी। गठबंधन के भीतर मतभेदों की चर्चा के बावजूद भाजपा और एकनाथ शिंदे गुट की शिवसेना के बीच बेहतर तालमेल देखने को मिला, जिसका असर शुरुआती रुझानों में साफ दिखाई दे रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.