हिमाचल में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 17 IAS और 22 HAS अधिकारियों के तबादले

HIGHLIGHTS
- हिमाचल प्रदेश सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 17 IAS और 22 HAS अधिकारियों के तबादले व नई तैनाती के आदेश जारी किए।
- कई प्रमुख विभागों के सचिव बदले गए, देवेश कुमार, आरडी नजीम, एम. सुधा देवी समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां मिलीं।
- मुख्यमंत्री कार्यालय, जिला प्रशासन और विभिन्न निगमों में भी अधिकारियों की तैनाती बदली गई, कई HAS अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई।
शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए 17 आईएएस और 22 एचएएस अधिकारियों के तबादले और नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। सिविल सेवा बोर्ड की सिफारिशों के आधार पर जारी इन आदेशों को मुख्य सचिव कमलेश कुमार पंत ने मंजूरी दी है। फेरबदल के तहत कई महत्वपूर्ण विभागों में सचिव स्तर के अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं।
अतिरिक्त मुख्य सचिव जनजातीय विकास ओंकार चंद शर्मा को परिवहन विभाग का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। इसके अलावा वह रोपवे और रैपिड ट्रांसपोर्ट सिस्टम डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक की जिम्मेदारी भी संभालते रहेंगे। वहीं अतिरिक्त मुख्य सचिव खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले आरडी नजीम को गृह, सतर्कता, एमपीपी, पावर और एनसीईएस विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
देवेश कुमार को वित्त विभाग की जिम्मेदारी
प्रधान सचिव शहरी विकास देवेश कुमार को अब वित्त, योजना, अर्थशास्त्र एवं सांख्यिकी और 20 सूत्रीय कार्यक्रम विभाग का दायित्व दिया गया है। इसके साथ ही उन्हें पशुपालन विभाग का अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा गया है। वह लोक निर्माण विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी संभालते रहेंगे।
प्रधान सचिव स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण एम. सुधा देवी को वन और उद्योग विभाग का जिम्मा सौंपा गया है। वह कार्मिक विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी संभालती रहेंगी। वहीं प्रियंका बसु इंग्टी को खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है।
स्वास्थ्य और अन्य विभागों में भी बदलाव
डिजिटल टेक्नोलॉजी एवं गवर्नेंस विभाग के सचिव और मुख्यमंत्री के सचिव आशीष सिंहमार को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। उनके पास पहले से कई अन्य विभागों की जिम्मेदारी भी है।
निदेशक उद्योग डॉ. यूनुस को सचिव राज्य कर एवं आबकारी बनाया गया है। मंडलीय आयुक्त कांगड़ा संदीप कुमार को सचिव पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन नियुक्त किया गया है। वहीं अमरजीत सिंह को शहरी विकास विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
राकेश कुमार प्रजापति को निदेशक पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन बनाया गया है। विशेष सचिव स्वास्थ्य डॉ. अश्वनी कुमार शर्मा को आयुक्त राज्य कर एवं उत्पाद शुल्क की जिम्मेदारी दी गई है। विवेक चंदेल को आयुक्त नगर निगम बद्दी नियुक्त किया गया है।
मत्स्य पालन, तकनीकी शिक्षा और निगमों में भी तैनाती
ओम कांत ठाकुर को निदेशक-सह-वार्डन मत्स्य पालन नियुक्त किया गया है। अभिषेक कुमार गर्ग को राज्य औद्योगिक विकास निगम लिमिटेड का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। गुरसिमर सिंह को निदेशक तकनीकी शिक्षा सुंदरनगर की जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही उन्हें कौशल विकास निगम के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा गया है।
कई HAS अधिकारियों के भी तबादले
एचएएस अधिकारियों में मुख्यमंत्री के अतिरिक्त सचिव सचिन कंवल को नगर निगम शिमला का आयुक्त नियुक्त किया गया है। भूपेंद्र कुमार को सामान्य उद्योग निगम का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। ज्ञान सागर नेगी को अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट प्रोटोकॉल शिमला और एकता कप्टा को एडीएम विकास-सह-परियोजना निदेशक डीआरडीए सिरमौर नियुक्त किया गया है।
ज्योति राणा को हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला का रजिस्ट्रार बनाया गया है, जबकि डॉ. लायक राम वर्मा को हिमफेड का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। शिल्पी बेक्टा को लोक निर्माण विभाग का अतिरिक्त सचिव बनाया गया है।
इसके अलावा विकास शुक्ला को हमीरपुर नगर निगम का अतिरिक्त आयुक्त नियुक्त किया गया है। सनी शर्मा को एसडीओ सिविल शिमला शहरी, विश्रुत भारती को राज्य एससी आयोग ऊना का सदस्य सचिव और योगेश चौहान को अतिरिक्त निदेशक चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान की जिम्मेदारी दी गई है।
मुख्यमंत्री कार्यालय और उपमंडल स्तर पर भी बदलाव
तैनाती का इंतजार कर रहे संजय को मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान निजी सचिव पद पर नियुक्त किया गया है। विश्व मोहन देव चौहान को एसडीओ सिविल कुपवी, मुनीष कुमार शर्मा को संयुक्त निदेशक चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान और ओशिन को संयुक्त निदेशक आयुष नियुक्त किया गया है।
मोहन लाल को क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी शिमला, कपिल तोमर को संयुक्त निदेशक युवा सेवा एवं खेल और राज कुमार-2 को एसडीओ सिविल बिलासपुर बनाया गया है। पद्मा छोडोन को एसडीओ सिविल उदयपुर, नीरजा शर्मा को एसडीओ सिविल सोलन और अलीशा चौहान को एसडीओ सिविल करसोग की जिम्मेदारी दी गई है।
सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल के बाद कई महत्वपूर्ण विभागों में कामकाज की नई जिम्मेदारियां तय हो गई हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.