पंकज चौधरी के काफिले में भीषण टक्कर, पुलिस स्कार्ट समेत तीन वाहन क्षतिग्रस्त

HIGHLIGHTS
- कुशीनगर के हाटा-कप्तानगंज मार्ग पर शुक्रवार को हुआ हादसा।
- भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के काफिले की तीन गाड़ियां आपस में टकराईं।
- दुर्घटना में पुलिस स्कार्ट की टाटा सूमो भी शामिल रही।
कुशीनगर: हाटा-कप्तानगंज मार्ग पर शुक्रवार को मथौली नगर पंचायत कार्यालय के सामने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के काफिले में शामिल तीन वाहन आपस में भिड़ गए। टकराने वाले वाहनों में पुलिस की स्कार्ट गाड़ी भी शामिल थी। हादसे में सुकरौली की ब्लॉक प्रमुख रंजना पासवान और पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। हालांकि, दुर्घटना में तीनों गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं।
कप्तानगंज से हाटा जा रहा था प्रदेश अध्यक्ष का काफिला
जानकारी के मुताबिक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का काफिला शुक्रवार को कप्तानगंज की तरफ से हाटा जा रहा था। रास्ते में मथौली नगर पंचायत कार्यालय के सामने भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। स्वागत कार्यक्रम समाप्त होने के बाद काफिला हाटा की ओर बढ़ गया।
इसी दौरान काफिले के पीछे चल रहे तीन वाहन आपस में टकरा गए। इनमें गोरखपुर किसान मोर्चा के एक पदाधिकारी की गाड़ी, सुकरौली ब्लॉक प्रमुख रंजना पासवान की स्कॉर्पियो और सुरक्षा में तैनात पुलिस की टाटा सूमो शामिल थी।
हादसे के बाद मौके पर जुटे लोग
वाहनों की टक्कर होते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। दुर्घटना के बाद काफिले में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसके बाद काफिले में मौजूद लोगों ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क के किनारे हटवाया।
वाहनों को हटाने के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का काफिला अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.