यूपी में बड़ा IPS फेरबदल, नोएडा-गाजियाबाद समेत कई जिलों के पुलिस कप्तान बदले

HIGHLIGHTS
- उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को बड़ी संख्या में IPS अधिकारियों के तबादले किए गए।
- मोहित अग्रवाल को प्रयागराज का नया पुलिस आयुक्त बनाया गया।
- पीयूष मोर्डिया को अपर पुलिस महानिदेशक, स्थापना के पद पर भेजा गया।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को बड़ी संख्या में आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। इस फेरबदल में नोएडा, गाजियाबाद और प्रयागराज के पुलिस आयुक्तों के साथ कई जिलों के कप्तानों को भी नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। सबसे बड़े बदलाव कमिश्नरेट स्तर पर देखने को मिले हैं।
वाराणसी के पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल को प्रयागराज का नया पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं, प्रयागराज के पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया को लखनऊ में अपर पुलिस महानिदेशक, स्थापना के पद पर भेजा गया है।
नोएडा और गाजियाबाद के पुलिस आयुक्तों की भी अदला-बदली की गई है। गौतमबुद्धनगर की पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद का पुलिस आयुक्त बनाया गया है। वह पिछले चार वर्षों से गौतमबुद्धनगर में इस पद की जिम्मेदारी संभाल रही थीं। वहीं, गाजियाबाद के पुलिस आयुक्त जे रविन्द्र गौड़ को गौतमबुद्धनगर की कमान सौंपी गई है।
इसके अलावा लखनऊ परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक किरण एस को वाराणसी का नया पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है।
जोन और रेंज स्तर पर भी बदलाव
पुलिस अधिकारियों के तबादलों में जोन और रेंज स्तर पर भी फेरबदल किया गया है। बरेली जोन के अपर पुलिस महानिदेशक रमित शर्मा को लखनऊ जोन की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, लखनऊ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक प्रवीण कुमार को बरेली जोन भेजा गया है।
रेंज स्तर पर अलीगढ़ के पुलिस उपमहानिरीक्षक प्रभाकर चौधरी को लखनऊ परिक्षेत्र का उपमहानिरीक्षक बनाया गया है। सहारनपुर के उपमहानिरीक्षक अभिषेक सिंह को आगरा परिक्षेत्र भेजा गया है। वहीं, आगरा के उपमहानिरीक्षक शैलेश कुमार पाण्डेय को अलीगढ़ परिक्षेत्र और तकनीकी सेवाएं में तैनात आशीष तिवारी को सहारनपुर परिक्षेत्र का उपमहानिरीक्षक नियुक्त किया गया है।
अयोध्या और मुरादाबाद के कप्तानों की अदला-बदली
जिलों के पुलिस कप्तानों में भी बदलाव किए गए हैं। अयोध्या और मुरादाबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों की अदला-बदली इस फेरबदल में चर्चा का विषय है। अयोध्या के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव ग्रोवर को मुरादाबाद का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। वहीं, मुरादाबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल को अयोध्या की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके साथ ही कानपुर नगर और प्रयागराज कमिश्नरेट में तैनात पुलिस उपायुक्तों का भी तबादला हुआ है। कानपुर नगर के पुलिस उपायुक्त दिनेश त्रिपाठी को प्रयागराज भेजा गया है, जबकि प्रयागराज के पुलिस उपायुक्त कुलदीप सिंह गुनावत को कानपुर नगर में नई तैनाती दी गई है।
गौतमबुद्धनगर की पुलिस उपायुक्त प्रीति यादव को 15वीं वाहिनी पीएसी, आगरा का सेनानायक बनाया गया है।
कई अन्य पुलिस इकाइयों में भी नई तैनाती
तबादला सूची में पीएसी, पीटीएस, ईओडब्ल्यू, कारागार प्रशासन, अभिसूचना और पॉवर कॉर्पोरेशन समेत कई इकाइयों में तैनात पुलिस अधीक्षकों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।
इसके अलावा कुछ अधिकारियों के पहले किए गए तबादले निरस्त कर उन्हें गाजियाबाद, लखनऊ और आगरा में नई तैनाती दी गई है। शासन की ओर से सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल अपने नए तैनाती स्थल पर पहुंचकर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.