सपा से कांग्रेस की सीटों पर इमरान मसूद की दो टूक, बोले- हर बार हम ही बड़ा दिल क्यों दिखाएं?

HIGHLIGHTS
- यूपी चुनावों के लिए सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर तकरार।
- इमरान मसूद ने 2024 लोकसभा चुनाव में सपा की 37 सीटों की जीत का जिक्र किया।
- मसूद ने सवाल उठाया कि हर बार कांग्रेस ही बड़ा दिल क्यों दिखाए?
लखनऊ। यूपी चुनावों को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे पर खींचतान शुरू हो गई है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी की वजह से ही समाजवादी पार्टी 2024 के लोकसभा चुनाव में 37 सीटें जीत पाई थी। ऐसे में अगर कांग्रेस को शून्य सीटें दी जाएंगी, तो नतीजा भी शून्य ही होगा।
इमरान मसूद ने सवाल उठाया कि सपा खुद ही इन सीटों पर चुनाव क्यों नहीं लड़ती? उन्होंने कहा कि पार्टी आगे बढ़े और इन सीटों पर जीत हासिल करे। आखिरकार, सपा ही दावा करती है कि उसके पास जीतने का फॉर्मूला है।
उन्होंने आगे कहा कि हम यह नहीं कह रहे कि आपका कोई योगदान नहीं था। हम सिर्फ इतना कह रहे हैं कि हमने भी जीत हासिल की है। हमने बड़ा दिल दिखाया, लेकिन क्या हर बार हमें ही बड़ा दिल दिखाना होगा? क्या आप थोड़ी और उदारता नहीं दिखा सकते?
'मुझे विलेन साबित करने की कोशिश हो रही है'
इमरान मसूद ने कहा कि वह पार्टी के प्रति और उसकी उन्नति के लिए अपनी जान भी कुर्बान कर सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें चारों तरफ से घेरकर विलेन साबित करने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने सवाल किया, 'मैं किस बात के लिए विलेन हूं? मैं अपनी पार्टी के लिए मांग कर रहा हूं। अपनी पार्टी के लिए लड़ रहा हूं। मैं अपनी पार्टी के हित की बात करूंगा। गठबंधन हो रहा है।'
मसूद ने आगे कहा, 'BJP को हटाने की सारी जिम्मेदारी क्या सिर्फ मेरे कंधों पर है? आपके कंधों पर नहीं है? 2022 में तो मुसलमान ने एकतरफा होकर, अंधे होकर हमने वोट डाल दिया था, हम हार क्यों गए थे? यह जिम्मेदारी आपके कंधों पर ज्यादा है। आप हमसे उम्मीद कर रहे हैं, हम तैयार हैं।'
गुणवत्ता और संख्या दोनों की मांग
कांग्रेस सांसद ने कहा कि उन्होंने गुणवत्ता और मात्रा, दोनों की बात कही थी। उन्होंने कहा, 'ये 26 सीट आपने हमें दी हैं, इनका नतीजा आप उठा लीजिए। ये जो आप हमें दे रहे हैं, हम इसका क्या करेंगे, आपको मुबारक। इसका हमारे से क्या लेना-देना। हमें दे दीजिए, हम लड़ लेंगे, लेकिन गुणवत्ता और मात्रा, दोनों चाहिए।'
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.