अखिलेश यादव का योगी सरकार पर हमला, बोले- मुख्यमंत्री की प्रिय मशीन बुलडोजर

HIGHLIGHTS
- अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा सरकार पर निशाना साधा।
- सपा अध्यक्ष ने कहा कि बुलडोजर के जरिए जनता को डराया जा रहा है।
- अखिलेश ने दावा किया कि प्रदेश में 55,584 फर्जी वोटर जुड़वाए गए हैं।
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की पसंदीदा मशीन बुलडोजर है और उनकी सोच विनाशकारी है। बुलडोजर के जरिए जनता को डराया जा रहा है। नोएडा के विकास पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि शहर को और बेहतर बनाने के लिए ठोस प्रबंधन की जरूरत है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के कारण राजनीतिक प्रदूषण भी बढ़ा है। पार्टी में शामिल होने के इच्छुक लोगों के बारे में अखिलेश ने कहा कि जनता की सेवा करने वालों के लिए समाजवादी पार्टी के दरवाजे खुले हैं।
लखनऊ में आयोजित प्रेसवार्ता में अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता अब भाजपा की सच्चाई समझ चुकी है और प्रदेश में पीडीए की सरकार बनेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की समस्याओं और अर्थव्यवस्था जैसे मुद्दों से लोगों का ध्यान भटका रही है।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि सरकार को राजनीतिक और धार्मिक विवादों में उलझने के बजाय रोजगार, निवेश और आम लोगों की आर्थिक समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने लोकतांत्रिक संस्थाओं और संविधान को कमजोर किए जाने का आरोप भी लगाया। डॉलर के मुकाबले रुपये की स्थिति का हवाला देते हुए उन्होंने अर्थव्यवस्था पर सवाल खड़े किए। अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी अयोध्या के लोगों के साथ खड़ी है और भाजपा सरकार को अपने विकास के दावों का जवाब देना चाहिए।
आयोग के आंकड़ों और मुख्यमंत्री के बयान पर उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने मतदाता सूची और विशेष पुनरीक्षण को लेकर भाजपा तथा चुनाव आयोग पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा आयोग के साथ मिलकर फर्जी वोट बनवा रही है। सपा अध्यक्ष ने कहा कि आयोग के अनुसार 2.5 करोड़ मतदाता गायब हैं, जबकि मुख्यमंत्री का कहना है कि 1.27 करोड़ हिंदू गायब हैं। उन्होंने सवाल किया कि इन दोनों दावों में सच कौन बोल रहा है।
अखिलेश ने दावा किया कि फॉर्म-6 में 22 गुना वृद्धि हुई है। उनके मुताबिक, भाजपा फर्जी वोट बनवाने के लिए चुनाव आयोग के साथ मिलकर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि इसी वजह से 2.5 करोड़ मतदाताओं के गायब होने को लेकर अफवाह फैलाई जा रही है। सपा अध्यक्ष ने बताया कि पार्टी के कार्यकर्ता मतदाता सूची से जुड़े काम में जुटे हैं और समाजवादी पार्टी पूरी प्रक्रिया पर नजर रख रही है।
बुलडोजर कार्रवाई में मौतों को लेकर सरकार पर निशाना
अखिलेश यादव ने बुलडोजर कार्रवाई के दौरान लोगों की जान जाने की घटनाओं को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी घटनाओं में मौत होने पर एफआईआर पार्टी कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज कराई गई, जबकि मुख्यमंत्री खुद मामले दर्ज करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार उन्हें ऐसा करने के लिए बाध्य न करे।
सपा अध्यक्ष ने एक ऐसी ही घटना में जान गंवाने वाले व्यक्ति के परिवार को सहायता नहीं मिलने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पांच लाख रुपये की मदद दी गई है। अखिलेश ने अर्जुनगंज हादसे के पीड़ितों को भी सरकार से सहायता देने और रायबरेली की घटना में कार्रवाई करने की मांग की।
55,584 फर्जी वोटर जुड़वाने का दावा, आंदोलन की चेतावनी
विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची को लेकर भी अखिलेश यादव ने भाजपा और चुनाव आयोग पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में फर्जी मतदाताओं के नाम जुड़वाए जा रहे हैं। सपा अध्यक्ष ने दावा किया कि 55,584 फर्जी वोटर जुड़वाए गए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी बात नहीं सुनी गई तो पार्टी इस मुद्दे पर आंदोलन करेगी।
अखिलेश ने सवाल किया कि जब मतदाता सूची से वोटर गायब हो रहे थे, तो एसआईआर कराने की जरूरत क्यों पड़ी? उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में पहले मतदाताओं की संख्या कम हुई थी, वहां अब दोबारा बढ़ोतरी हो रही है। उनके मुताबिक, शहरी इलाकों में जहां पहले वोट कम हुए थे, वहां दो लाख से ज्यादा फर्जी मतदाता जुड़वाए गए हैं। उन्होंने इसके पीछे भाजपा के लोगों का हाथ होने का आरोप लगाया।
ड्राफ्ट मतदाता सूची में डुप्लीकेट विवरण पर सवाल
अखिलेश यादव ने मिल्कीपुर की मतदाता सूची का उदाहरण देते हुए कहा कि उसमें नामों के साथ 'श्री' और 'श्रीमती' लिखा हुआ है। उन्होंने सूची में डुप्लीकेट विवरण होने का आरोप लगाया और कहा कि ऐसे नाम अब भी ड्राफ्ट सूची में शामिल हैं।
सपा अध्यक्ष ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि आयोग ट्रांसफर और पोस्टिंग के मामलों पर ध्यान नहीं दे रहा है। उनके मुताबिक, इस प्रक्रिया में पीडीए वर्ग के लोगों को जिम्मेदारी नहीं दी गई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.