योगी आदित्यनाथ का सपा पर हमला, बोले- पिछली सरकारों की पहचान थी 'वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया'

HIGHLIGHTS
- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला।
- युवाओं से विपक्ष से उसके पुराने कार्यकाल का हिसाब मांगने की अपील की।
- योगी ने पिछली सरकारों की पहचान नकल, खनन और शराब माफिया से जुड़ी बताई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने सपा के घोषणापत्र और पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए युवाओं से विपक्ष से उसके कामकाज का हिसाब मांगने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जो लोग बड़े-बड़े वादे और घोषणाएं कर रहे हैं, उनसे पूछा जाना चाहिए कि सत्ता में रहते हुए उन्होंने युवाओं को कितनी नौकरियां दीं, किसानों के लिए क्या किया, नारी शक्ति के लिए कौन से कदम उठाए और प्रदेश के विकास में उनका क्या योगदान रहा।
शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज में आयोजित टैबलेट वितरण समारोह में योगी ने कहा कि पिछली सरकारों के दौर में नकल माफिया, खनन माफिया, शराब माफिया और वसूली सिंडिकेट का बोलबाला था। नौकरी का विज्ञापन जारी होते ही वसूली करने वाले सक्रिय हो जाते थे और युवाओं की प्रतिभा को सम्मान नहीं मिलता था। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पिछली सरकारों की एकमात्र उपलब्धि 'वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया' थी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने प्रदेश को माफिया और दंगा मुक्त बनाने का काम किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश के युवाओं के सामने पहचान का संकट था। प्रदेश का नाम सुनकर लोग आशंकित हो जाते थे, लेकिन अब परिस्थितियां बदल चुकी हैं। आज प्रदेश का युवा सम्मान के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि बीते साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश सरकार ने 9.5 लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां दी हैं। यह संख्या सपा की चार और बसपा की तीन वर्ष की सरकारों में दी गई नियुक्तियों से अधिक है। युवाओं से उन्होंने कहा कि नियुक्ति पत्र उनके परिश्रम का सम्मान है, न कि किसी की सिफारिश का नतीजा।
घोषणापत्र के वादों पर विपक्ष से मांगा जवाब
योगी ने कहा कि चुनाव के समय विपक्ष बड़े-बड़े वादे करता है, लेकिन जनता को उसके पुराने कार्यकाल का हिसाब भी मांगना चाहिए। केवल घोषणाएं करने से विकास नहीं होता, इसके लिए समय, समर्पण और स्पष्ट विजन की जरूरत होती है।
मुख्यमंत्री ने सपा पर परिवार तक सीमित सोच रखने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार प्रदेश की 25 करोड़ जनता को अपना परिवार मानकर काम कर रही है।
गोंडा और देवीपाटन मंडल के विकास का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में 2017 से पहले गोंडा और देवीपाटन मंडल की स्थिति का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पहले गोंडा की पहचान गंदे शहरों में होती थी, जबकि बलरामपुर, श्रावस्ती और बहराइच आकांक्षी जिलों की सूची में शामिल थे।
उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने मंडल के विकास के लिए करीब 36 हजार करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। गोंडा में मेडिकल कॉलेज, बलरामपुर में मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय और मेडिकल कॉलेज का निर्माण तथा श्रावस्ती में एयरपोर्ट तैयार होने को उन्होंने विकास की उपलब्धियों के तौर पर गिनाया।
युवाओं को नौकरी मांगने के बजाय रोजगार देने वाला बनने का संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में स्टार्टअप इकोसिस्टम विकसित होने से युवा अब केवल नौकरी पाने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले भी बन रहे हैं। हर जिले में सरदार वल्लभभाई पटेल स्किलिंग एंड एंप्लॉयमेंट जोन बनाने की योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं को प्रशिक्षण देकर उनकी योग्यता के अनुसार रोजगार से जोड़ा जाएगा।
उन्होंने जापान और जर्मनी में नौकरी करने के इच्छुक युवाओं को भाषा का प्रशिक्षण देकर विदेश भेजने की योजना के बारे में भी बताया।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह, कैसरगंज सांसद करण भूषण सिंह समेत अन्य विधायक और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.