मुजफ्फरनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 27 किलो से ज्यादा गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो गांजा तस्कर गिरफ्तार
- आरोपियों के पास से 27.780 किलो अवैध गांजा और 1.06 लाख रुपये की ब्रेजा कार बरामद
- पुलिस तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी, एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
मुजफ्फरनगर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चल रहे 'ऑपरेशन सवेरा' अभियान के तहत पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। थाना फुगाना पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ऑफिस में दोपहर करीब 2 बजे जानकारी देते हुए एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के पास से 27.780 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही ब्रेजा कार को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
एसएसपी के मुताबिक, शुक्रवार को थाना फुगाना पुलिस और एसओजी देहात की टीम मेरठ-करनाल हाईवे पर लोई नहर पटरी के पास संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक ब्रेजा कार को रोककर तलाशी ली, जिसमें बड़ी मात्रा में गांजा मिला। इसके बाद मौके से कार सवार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
ओडिशा से गांजा लाकर करते थे बिक्री
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अब्दुल समद पुत्र मोहम्मद इस्लाम निवासी ग्राम रूड़कली, थाना भोपा और नजमुद्दीन पुत्र अब्दुल रहीम निवासी ग्राम कम्हैड़ा, थाना ककरौली के रूप में हुई है।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा से गांजा खरीदकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में लाते थे और फिर उसे फुटकर में अधिक कीमत पर बेचते थे। इससे उन्हें अच्छा मुनाफा होता था।
पुलिस अब तस्करी के इस नेटवर्क की जांच कर रही है। टीम यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों के संपर्क किन राज्यों और जिलों तक जुड़े हुए हैं और इस गिरोह में शामिल अन्य लोगों की क्या भूमिका है।
पुलिस ने थाना फुगाना में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं बरामद ब्रेजा कार को भी कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.