फ्रांस में मिराज 2000D फाइटर जेट क्रैश, एक क्रू मेंबर की मौत; दूसरा लापता

HIGHLIGHTS
- विमान मंगलवार, 20 अक्टूबर की देर शाम एयरबेस पर लौटते समय दुर्घटनाग्रस्त हुआ।
- हादसा नैन्सी-ओचे एयरबेस से करीब 18 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में रोगेविले के पास हुआ।
- दुर्घटना के बाद जंगली इलाके में खराब मौसम के बावजूद रातभर तलाशी अभियान चलाया गया।
पेरिस। पूर्वी फ्रांस में एयरबेस पर लौटते समय मिराज 2000D लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। रात के समय ट्रेनिंग मिशन के दौरान हुए इस हादसे में एक क्रू मेंबर की मौत हो गई, जबकि दूसरा अभी लापता है।
एसोसिएटेड प्रेस (AP) की रिपोर्ट के अनुसार, मिराज 2000D फाइटर जेट मंगलवार, 20 अक्टूबर की देर शाम अपने एयरबेस की ओर लौट रहा था। इसी दौरान नैन्सी-ओचे (Nancy-Ochey) एयरबेस से करीब 18 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में रोगेविले (Rogeville) के पास विमान क्रैश हो गया।
एक क्रू मेंबर का शव बरामद, दूसरे की तलाश जारी
फ्रांसीसी सशस्त्र बलों ने पुष्टि की है कि हादसे के बाद एक क्रू मेंबर का शव बरामद कर लिया गया है। दूसरे की तलाश जारी है। फ्रांसीसी वायु और अंतरिक्ष बल ने आधिकारिक अपडेट में बताया कि खोज अभियान के साथ दुर्घटना की जांच भी की जा रही है।
स्थानीय अधिकारी यवेस सेगुई ने पत्रकारों को बताया कि जिस जंगली इलाके में विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ, वहां खराब मौसम के बावजूद रातभर तलाशी अभियान चलाया गया।
यह लड़ाकू विमान पास के 133 नैन्सी-ओचे एयरबेस का था। रात के प्रशिक्षण मिशन के बाद विमान एयरबेस पर उतरने की तैयारी कर रहा था, तभी दुर्घटना हो गई।
एयरबेस के कमांडेंट कर्नल लुडोविक हम्बर्ट ने बताया कि विमान में सवार वेपन सिस्टम ऑफिसर अनुभवी सैनिक थे और उनके साथ एक युवा पायलट उड़ान भर रहा था। अधिकारियों ने दुर्घटना की वजह का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।
दो सीटों वाला लड़ाकू विमान है मिराज 2000D
मिराज 2000D दो सीटों वाला लड़ाकू विमान है, जिसे मुख्य रूप से जमीन पर हमले करने के लिए तैयार किया गया है। फ्रांसीसी सशस्त्र बल मंत्रालय के मुताबिक, इस विमान को कठिन परिस्थितियों में अभियान चलाने के लिए डिजाइन किया गया है। यह पारंपरिक हवाई अभियानों के साथ-साथ 'पावर-प्रोजेक्शन' यानी अपनी सैन्य ताकत का प्रदर्शन करने वाले मिशनों को भी अंजाम देने में सक्षम है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.