हरियाणा के IAS-IPS अधिकारियों को दिवाली के बाद बड़ी राहत, DA में 3% की बढ़ोतरी

HIGHLIGHTS
- हरियाणा सरकार ने IAS, IPS और IFS अधिकारियों का महंगाई भत्ता 3% बढ़ाया।
- अधिकारियों को अब मूल वेतन का 63% DA मिलेगा, पहले यह 60% था।
- बढ़ी हुई महंगाई भत्ता दरें 1 जुलाई 2026 से लागू होंगी।
चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने राज्य में तैनात भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS) और भारतीय वन सेवा (IFS) के अधिकारियों को बड़ी राहत दी है। सरकार ने इन अधिकारियों के महंगाई भत्ते (DA) में तीन प्रतिशत की वृद्धि की है। इस बढ़ोतरी के बाद अब अधिकारियों को मूल वेतन का 63 प्रतिशत डीए मिलेगा, जबकि पहले यह दर 60 प्रतिशत थी। नई दरें एक जुलाई 2026 से प्रभावी होंगी।
केंद्र सरकार के वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग की ओर से 29 अक्टूबर 2026 को जारी कार्यालय ज्ञापन के आधार पर हरियाणा के कार्मिक विभाग ने सोमवार को इस संबंध में परिपत्र जारी किया। मुख्य सचिव कार्यालय के निर्देशानुसार, बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता नवंबर 2026 के वेतन के साथ दिया जाएगा। वहीं, जुलाई से अक्टूबर 2026 तक के चार महीनों का एरियर जनवरी 2027 में भुगतान किया जाएगा।
डीए वेतन से अलग पारिश्रमिक का हिस्सा रहेगा
केंद्र सरकार के आदेश के अनुसार, महंगाई भत्ते की गणना सातवें केंद्रीय वेतन आयोग की सिफारिशों के तहत निर्धारित पे मैट्रिक्स में संबंधित स्तर के मूल वेतन के आधार पर की जाएगी। इसमें विशेष वेतन या किसी अन्य प्रकार का वेतन शामिल नहीं किया जाएगा।
महंगाई भत्ता वेतन से अलग पारिश्रमिक का हिस्सा बना रहेगा। इसकी गणना करते समय 50 पैसे या उससे अधिक के अंश को अगले पूरे रुपये में शामिल किया जाएगा, जबकि 50 पैसे से कम के अंश की गणना नहीं होगी।
अन्य अधिकारियों को भी मिलेगा लाभ
हरियाणा सरकार की ओर से जारी यह परिपत्र सभी प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों, मंडलायुक्तों, उपायुक्तों और बोर्ड-निगमों के प्रबंध निदेशकों सहित संबंधित अधिकारियों को भेजा गया है।
अखिल भारतीय सेवा (महंगाई भत्ता) नियम 1972 के नियम तीन के तहत बढ़ी हुई डीए दरें राज्य कैडर में कार्यरत अखिल भारतीय सेवा के सदस्यों के साथ उन अन्य अधिकारियों पर भी लागू होंगी, जिनका प्रारंभिक वेतन IAS (Pay) Rules 2016, IPS (Pay) Rules 2016 और IFS (Pay) Rules 2016 के प्रावधानों के तहत निर्धारित किया गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.