मां से कहा था 10 मिनट में घर पहुंचूंगा, रास्ते में कार बनी आग का गोला; 36 वर्षीय साहिल की मौत

HIGHLIGHTS
- पंचकूला के सेक्टर-24 में क्रेटा कार में अचानक आग लग गई।
- हादसे में 36 वर्षीय इंटीरियर डिजाइनर साहिल शर्मा की मौत हो गई।
- साहिल ने हादसे से करीब आधे घंटे पहले मां को फोन कर 10 मिनट में घर पहुंचने की बात कही थी।
पंचकूला। मां से फोन पर कहा था कि बस 10 मिनट में घर पहुंच जाऊंगा, लेकिन उन्हें क्या पता था कि बेटे की यह आखिरी बातचीत होगी। घर लौट रहे 36 वर्षीय साहिल शर्मा की क्रेटा कार सेक्टर-24 में मल्टी फीचर पार्क के सामने अचानक आग की लपटों में घिर गई। हादसे के दौरान साहिल कार के अंदर ही फंस गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने कार का दरवाजा तोड़कर साहिल को बाहर निकाला और गंभीर हालत में सेक्टर-26 स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया। यहां करीब आधे घंटे तक जिंदगी के लिए संघर्ष करने के बाद उसने दम तोड़ दिया। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। साहिल अपने पीछे पत्नी, दो बच्चों और बुजुर्ग मां को छोड़ गया है।
पीरमुछल्ला निवासी साहिल शर्मा इंटीरियर डिजाइनर था और आईटी पार्क स्थित एक होटल में काम करता था। शनिवार शाम वह काम खत्म कर घर लौट रहा था। इसी दौरान सेक्टर-24 से गुजरते समय उसकी क्रेटा कार में अचानक आग लग गई।
देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और साहिल अंदर ही फंसा रह गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने कार का दरवाजा तोड़कर उसे बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
10 मिनट में घर पहुंचने का वादा, फिर आई हादसे की खबर
हादसे से करीब आधे घंटे पहले साहिल ने अपनी मां को फोन किया था। बातचीत के दौरान उसने बताया था कि वह 10 मिनट में घर पहुंच जाएगा। मां बेटे के आने का इंतजार करती रही, लेकिन जब काफी देर तक वह नहीं पहुंचा तो उन्होंने कई बार उसे फोन किया। हालांकि, साहिल से संपर्क नहीं हो पाया।
इसके बाद परिवार के पास पुलिस का फोन आया और उन्हें हादसे की जानकारी दी गई। अस्पताल पहुंचने पर परिजनों ने साहिल की पहचान की।
12 साल पहले पिता का साया उठा, अब परिवार ने साहिल को खोया
साहिल के पिता का करीब 12 साल पहले निधन हो गया था। इसके बाद परिवार की जिम्मेदारी साहिल संभाल रहा था। उसकी मौत से पत्नी और दो बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया, जबकि बुजुर्ग मां ने अपना बेटा खो दिया।
सेक्टर-25 पुलिस चौकी प्रभारी रामा स्वामी ने बताया कि साहिल का शव मोर्चरी में रखवा दिया गया है। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। फिलहाल कार में आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.