हरियाणा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष चौधरी फूल चंद मुलाना का निधन, 85 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

HIGHLIGHTS
- हरियाणा कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष चौधरी फूल चंद मुलाना का शुक्रवार सुबह निधन हो गया।
- वह 85 वर्ष के थे और लंबे समय से किडनी की बीमारी से जूझ रहे थे।
- उन्होंने मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में अंतिम सांस ली।
चंडीगढ़। हरियाणा की राजनीति के वरिष्ठ नेता, प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री चौधरी फूल चंद मुलाना का शुक्रवार सुबह निधन हो गया। वह 85 वर्ष के थे। लंबे समय से किडनी की बीमारी से जूझ रहे मुलाना ने मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन की जानकारी उनके बेटे और अंबाला से कांग्रेस सांसद वरुण चौधरी ने सोशल मीडिया पर साझा की। उन्होंने भावुक संदेश में लिखा, "आज हमारे नेता और मेरे पिता चौधरी फूल चंद मुलाना जी नहीं रहे।"
मुलाना विधानसभा सीट से चार बार जीते थे चुनाव
6 अप्रैल 1941 को जन्मे फूल चंद मुलाना पेशे से अधिवक्ता थे। उन्होंने अंबाला जिले की मुलाना विधानसभा सीट से चार बार चुनाव जीतकर क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। वह 1972, 1982, 1991 और 2005 में विधायक चुने गए थे।
हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में उन्होंने शिक्षा, राजस्व, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), वन और तकनीकी शिक्षा सहित कई अहम मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाली। राजनीति और समाज सेवा में उनके योगदान को देखते हुए वर्ष 2005 में उन्हें हरियाणा रत्न सम्मान से सम्मानित किया गया था।
हरियाणा कांग्रेस के सबसे लंबे समय तक प्रदेशाध्यक्ष रहे
फूल चंद मुलाना के नाम हरियाणा कांग्रेस में सबसे लंबे समय तक प्रदेशाध्यक्ष रहने का रिकॉर्ड रहा। उन्होंने 27 अगस्त 2007 से 10 फरवरी 2014 तक करीब साढ़े छह साल पार्टी के प्रदेश संगठन की कमान संभाली और उसे मजबूत करने का काम किया।
उनके परिवार में बेटे वरुण चौधरी अंबाला से लोकसभा सांसद हैं, जबकि बहू पूजा चौधरी वर्तमान में मुलाना विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक हैं। उनकी बेटी कल्पना कटारिया भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) में वरिष्ठ अधिकारी हैं।
फूल चंद मुलाना के निधन पर कांग्रेस सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है। नेताओं ने उनके निधन को हरियाणा की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.