सोनीपत में दहेज के लिए टूटी शादी! ब्रेजा कार की मांग पूरी न होने पर दूल्हा बारात लेकर लौटा

HIGHLIGHTS
- सोनीपत के गांधी नगर निवासी दिल्ली पुलिस में तैनात युवक की शादी राम नगर की युवती से तय हुई थी।
- दुल्हन पक्ष का आरोप है कि दूल्हे ने दहेज में ऑरा कार लेने से इनकार कर ब्रेजा की मांग की।
- परिवार ने शादी की तैयारियों पर करीब 25 से 30 लाख रुपये खर्च किए थे।
सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत में दहेज में ब्रेजा कार की मांग पूरी नहीं होने पर दिल्ली पुलिस में तैनात एक दूल्हे द्वारा शादी से पीछे हटने और बारात वापस ले जाने का मामला सामने आया है। दुल्हन पक्ष का आरोप है कि शादी की तैयारियों पर करीब 25 से 30 लाख रुपये खर्च किए गए थे और 1200 मेहमानों के स्वागत की व्यवस्था की गई थी, लेकिन शादी के दिन ही बारात लौट गई। पीड़ित पिता की शिकायत पर पुलिस ने दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए बुलाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली पुलिस में तैनात है दूल्हा
जानकारी के मुताबिक, गोहाना के गांधी नगर निवासी युवक की शादी करीब छह महीने पहले सोनीपत के राम नगर की रहने वाली एमए और जेबीटी पास युवती से तय हुई थी। युवक 12वीं पास है और दिल्ली पुलिस में नौकरी करता है। बीते 19 नवंबर को गांधी नगर में दोनों की सगाई की रस्म धूमधाम से हुई थी।
दुल्हन के पिता के अनुसार, उन्होंने दहेज में देने के लिए करीब नौ लाख रुपये की ऑरा कार बुक कराई थी। हालांकि, दूल्हे ने यह कहते हुए कार लेने से मना कर दिया कि ऑरा गाड़ी टैक्सी में चलती है। उसकी मांग थी कि दहेज में उसे हर हाल में ब्रेजा कार ही दी जाए।
ब्रेजा कार नहीं मिलने पर बारात लौटाने का आरोप
दुल्हन पक्ष का आरोप है कि दूल्हे की जिद के चलते उन्होंने जल्दबाजी में ऑरा कार की बुकिंग रद्द करवा दी। शादी में सिर्फ एक दिन शेष रहने के कारण इतनी कम अवधि में ब्रेजा कार की बुकिंग नहीं हो सकी। परिवार का कहना है कि उन्होंने अपनी आर्थिक क्षमता से अधिक खर्च करके शादी की तैयारियां की थीं।
दुल्हन पक्ष के मुताबिक, कार के साथ दूल्हे, उसकी मां और भाई-भाभी को भी गहने दिए जाने थे। 20 नवंबर को मुरथल रोड स्थित एक वाटिका में शादी का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया था। वहां करीब 1200 मेहमानों के लिए खाने का इंतजाम भी किया गया था।
दुल्हन के पिता ने आरोप लगाया कि शादी वाले दिन दूल्हा अपनी मां के साथ पहले सादे कपड़ों में वाटिका पहुंचा। वहां जब उसे अपनी मांग के अनुसार ब्रेजा कार खड़ी नहीं मिली तो वह नाराज हो गया। इसके बाद वह बिना शादी किए ही बारात लेकर वापस गोहाना चला गया।
इस घटना से आहत दुल्हन के पिता ने पुलिस में शिकायत देकर दूल्हे और उसके परिजनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत पर पुलिस ने दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए बुलाया है। फिलहाल इस मामले में केस दर्ज नहीं किया गया है और पुलिस जांच कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.