मानेसर में दिल दहला देने वाली घटना, 15 किलोमीटर तक बस के पायदान पर लटके रहे बुजुर्ग; चालक ने नहीं रोकी बस

HIGHLIGHTS
- मृतक की पहचान मानेसर गांव निवासी कृष्ण कुमार के रूप में हुई है।
- बुधवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे वह घर से मानेसर बस स्टैंड के लिए निकले थे।
- बस स्टैंड पर चालक और परिचालक के साथ उनकी कहासुनी हुई थी।
कहासुनी के बाद बस के अगले हिस्से में शीशा साफ करने के लिए बने पायदान पर लटके व्यक्ति को चालक करीब 15 किलोमीटर तक ले गया। इस दौरान व्यक्ति का संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़े। आरोप है कि उनके गिरने के बाद भी चालक ने बस नहीं रोकी और उन्हें कुचलते हुए आगे बढ़ गया। गंभीर हालत में व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पिता को बचाने के लिए बेटा भी अपनी गाड़ी से बस के पीछे लगातार पीछा करता रहा और उसे रोकने की कोशिश करता रहा। मृतक की पहचान मानेसर गांव निवासी कृष्ण कुमार के रूप में हुई है। बेटे की शिकायत पर मानेसर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तनुष कुमार यादव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बुधवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे उनके पिता कृष्ण कुमार घर से मानेसर बस स्टैंड के लिए निकले थे। कुछ देर बाद पिता ने उनकी मां गीता देवी को फोन कर बताया कि बस स्टैंड पर एक बस चालक के साथ उनकी कहासुनी हो रही है। इसकी जानकारी मिलते ही वह तुरंत बस स्टैंड पहुंच गए।
वहां राजस्थान नंबर की एक बस खड़ी थी। बस चालक और परिचालक उनके पिता के साथ तीखी बहस कर रहे थे। शिकायतकर्ता को अपनी ओर आते देख चालक ने बस भगानी शुरू कर दी। इसी दौरान बुजुर्ग कृष्ण कुमार बस के अगले हिस्से में लगे पायदान पर लटक गए। बेटे और शिकायतकर्ता ने चालक को आवाज देकर बस रोकने के लिए कहा, लेकिन उसने वाहन नहीं रोका।
15 किलोमीटर तक पिता को बचाने की कोशिश, कार भी क्षतिग्रस्त
पिता को बचाने के लिए बेटे ने अपनी कार से बस का पीछा किया। उसने कई बार कार आगे लगाकर बस को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान चालक ने कार में टक्कर मार दी, लेकिन बस नहीं रोकी। पायदान पर लटके कृष्ण कुमार भी लगातार चालक से बस रोकने की गुहार लगाते रहे, फिर भी चालक ने वाहन नहीं रोका।
शिकायत के अनुसार, करीब 15 किलोमीटर के इस सफर के दौरान किसी अन्य व्यक्ति ने भी बस को रोकने की कोशिश नहीं की। यदि किसी ने बीच में हस्तक्षेप कर बस रुकवाने का प्रयास किया होता तो शायद कृष्ण कुमार की जान बच सकती थी।
करीब 15 किलोमीटर आगे कापड़ीवास बॉर्डर पर बस ने मोड़ लिया। इसी दौरान पायदान पर लटके कृष्ण कुमार का संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़े। आरोप है कि गिरने के बाद बस उन्हें कुचलते हुए आगे निकल गई। इसके बाद बेटे ने उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जांच अधिकारी नरेंद्र ने बताया कि मानेसर बस स्टैंड से कापड़ीवास बॉर्डर तक के रास्ते की सीसीटीवी फुटेज जुटाई जा रही है। बस मालिक से संपर्क हो चुका है और जल्द ही चालक को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मृतक का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.