हरियाणा में 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते सब-इंस्पेक्टर गिरफ्तार, विजिलेंस ने रंगे हाथ पकड़ा

HIGHLIGHTS
- हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने सब-इंस्पेक्टर अमरत लाल को गिरफ्तार किया।
- आरोपी एसआई हांसी पुलिस जिले के बास थाने में तैनात था।
- पुलिसकर्मी पर एक दर्ज मामले से आरोपी का नाम हटाने के बदले 80 हजार रुपये मांगने का आरोप है।
भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (विजिलेंस) ने हांसी पुलिस जिले के बास थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर अमरत लाल को 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। विजिलेंस की यह कार्रवाई हिसार के अग्रोहा मोड़ के नजदीक की गई।
मिली जानकारी के मुताबिक, एसआई अमरत लाल ने एक दर्ज मामले में आरोपी का नाम हटाने के बदले शिकायतकर्ता से 80 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। पुलिसकर्मी की इस मांग से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने पहले मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि की। इसके बाद रिश्वत लेते पुलिसकर्मी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया गया। तय योजना के तहत शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम लेकर अग्रोहा मोड़ के पास भेजा गया। जैसे ही एसआई अमरत लाल ने उससे 80 हजार रुपये लिए, पहले से मौके पर मौजूद विजिलेंस टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
बताया जा रहा है कि पूरी कार्रवाई विजिलेंस निरीक्षक मनमोहन सिंह के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तारी के बाद टीम ने आरोपी सब-इंस्पेक्टर से पूछताछ शुरू कर दी है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
विजिलेंस टीम इस बात की भी जांच कर रही है कि रिश्वत मांगने और लेने के इस मामले में आरोपी पुलिसकर्मी के अलावा कोई अन्य व्यक्ति या पुलिसकर्मी भी शामिल था या नहीं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.