ट्रेन में खाना खाने के बाद 30 बच्चों की तबीयत बिगड़ी, 5 की हालत गंभीर; रोकी गई मंगला एक्सप्रेस

HIGHLIGHTS
- ट्रेन नंबर 12618 में सवार थे 30 छात्र-छात्राएं
- बच्चे दिल्ली से शैक्षणिक भ्रमण के बाद लौट रहे थे
- यात्रा के दौरान उल्टी, दस्त और बुखार की शिकायत हुई
खंडवा। दिल्ली से केरल जा रही मंगला एक्सप्रेस में शुक्रवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ट्रेन में यात्रा कर रहे करीब 30 स्कूली बच्चों की अचानक तबीयत खराब हो गई। जिला प्रशासन को सूचना मिलते ही ट्रेन को खंडवा स्टेशन पर रोककर सभी बच्चों की जांच और उपचार कराया गया।
जानकारी के मुताबिक, हजरत निजामुद्दीन से एर्नाकुलम जा रही ट्रेन नंबर 12618 मंगला एक्सप्रेस में त्रिचूर के हैप्पी कॉन्वेंट स्कूल के 30 छात्र-छात्राएं सवार थे। सभी बच्चे दिल्ली में शैक्षणिक भ्रमण के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान ट्रेन में बच्चों को उल्टी, दस्त और बुखार की शिकायत होने लगी। कुछ ही समय में 30 में से 5 बच्चों की हालत गंभीर हो गई।
सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन सक्रिय हो गया। रात में ट्रेन के खंडवा पहुंचने पर जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम स्टेशन पर पहुंची। ट्रेन को करीब 50 मिनट तक खंडवा स्टेशन पर रोका गया और डॉक्टरों ने सभी बच्चों के स्वास्थ्य की जांच की।
पैंट्री के खाने से तबीयत बिगड़ने की आशंका
खंडवा सीएमएचओ डॉ. ओपी जुगतावत ने बताया कि बच्चों ने दोपहर के समय ट्रेन की पैंट्री कार से खाना खाया था। करीब चार घंटे बाद बच्चों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी शुरू हुई। आशंका जताई गई कि भोजन से हुई फूड पॉइजनिंग के कारण बच्चों की तबीयत खराब हुई।
सभी बच्चों को उल्टी-दस्त की दवाएं और ओआरएस के पैकेट दिए गए। दो बार स्वास्थ्य जांच के बाद सभी बच्चों को आगे की यात्रा के लिए रवाना कर दिया गया।
भुसावल तक डॉक्टरों की टीम साथ गई
सीएमएचओ डॉ. जुगतावत के अनुसार, बच्चों की स्थिति को देखते हुए एहतियात के तौर पर रेलवे के डॉक्टरों की एक टीम उनके साथ ट्रेन में सवार होकर भुसावल स्टेशन तक गई है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद एसडीएम ऋषि सिंघाई, सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर सिंह, सीएसपी अभिनव बारंगे, सिविल सर्जन अनिरुद्ध कौशल समेत जिला प्रशासन के अधिकारी भी स्टेशन पहुंचे। अधिकारियों के अनुसार, सभी बच्चों की जांच के बाद ट्रेन को अगले स्टेशन के लिए रवाना कर दिया गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.