सतना की बहुमंजिला इमारत में भीषण आग, 3 लोगों का रेस्क्यू; कई के फंसे होने की आशंका

HIGHLIGHTS
- कामता टोला स्थित इमारत में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई।
- आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की करीब चार गाड़ियां पहुंचीं।
- सिटी एसडीएम राहुल सिलाडिया ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला।
सतना। मध्य प्रदेश के सतना शहर के कामता टोला में स्थित एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि घटना के समय बिल्डिंग के अंदर कई लोग मौजूद थे। इनमें से तीन लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला गया है।
आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की करीब चार गाड़ियां मौके पर पहुंच चुकी हैं। आग लगने की वजह अभी सामने नहीं आई है। बताया जा रहा है कि यह इमारत रामनरेश गुप्ता की है। सिटी एसडीएम राहुल सिलाडिया भी मौके पर पहुंच गए हैं और खुद राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं।
मौके पर तत्काल एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने के कारण एसडीएम ने अपनी गाड़ी से बिल्डिंग से निकाले गए लोगों को जिला अस्पताल पहुंचाया। हादसे में कई लोगों के घायल होने की भी सूचना मिल रही है।
आग पर काबू पाने की कोशिश जारी
भीषण आग की वजह से बिल्डिंग को नुकसान पहुंचा है। प्रशासन आसपास के मकानों को भी खाली कराने की कोशिश कर रहा है। फिलहाल बिल्डिंग के अंदर कई अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस प्रशासन और नगर निगम की टीम मौके पर मौजूद है और आग बुझाने की कोशिश में जुटी हुई है। इसके साथ ही बिल्डिंग में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान भी जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.