मायावती का सपा पर हमला, बोलीं- पीडीए के नाम पर जनता को किया जा रहा गुमराह

HIGHLIGHTS
- मायावती ने एक्स पर पोस्ट के जरिए समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा।
- उन्होंने कहा कि बसपा चुनाव में परिवार और करीबी रिश्तेदारों को टिकट नहीं देती।
- मायावती के मुताबिक, बसपा धनबल का सहारा लेने से भी बचती है।
लखनऊ। बसपा सुप्रीमो मायावती ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा को चुनाव में वोट पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समाज से चाहिए, लेकिन टिकट परिवार और पूंजीपतियों को दिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि जनता को समझना चाहिए कि सपा का पीडीए एक छलावा है। मायावती ने यह भी कहा कि राज्यसभा चुनाव में सपा का तीसरा उम्मीदवार केवल ‘फेस सेविंग’ के लिए हो सकता है।
एक्स पर जारी अपने बयान में मायावती ने कहा कि यह सर्वविदित है कि बसपा किसी भी छोटे-बड़े चुनाव में विरोधी दलों, खासकर समाजवादी पार्टी की तरह, अपने परिवार, सगे-संबंधियों, भाई-भतीजों और करीबी रिश्तेदारों को टिकट नहीं देती। उन्होंने कहा कि पार्टी बड़े-बड़े पूंजीपतियों और धन्नासेठों के धनबल का भी सहारा नहीं लेती।
मायावती के मुताबिक, बसपा सर्वसमाज में पार्टी के लिए काम करने वाले गरीब, मध्यम वर्ग और कमजोर तबकों के कर्मठ अंबेडकरवादी लोगों में से ही अपने उम्मीदवार चुनती है। उन्होंने कहा कि बीएसपी की राजनीति परिवारवाद और धनबल से मुक्त व पाक-साफ है।
वहीं, मायावती ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी इसके ठीक विपरीत काम करती है। उनके अनुसार, सपा खुद को समाजवादी और कथित ‘पीडीए’ की पार्टी बताती है, लेकिन यह राजनीतिक ढोंग और छलावा ज्यादा नजर आता है।
राज्यसभा चुनाव को लेकर भी साधा निशाना
मायावती ने कहा कि इसका एक ताजा उदाहरण यूपी से राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव के लिए सपा द्वारा रामगोपाल यादव को दोबारा उम्मीदवार बनाना है। उन्होंने कहा कि रामगोपाल यादव सपा मुखिया के नजदीकी रिश्तेदार हैं।
उन्होंने आगे कहा कि सपा ने अपना दूसरा उम्मीदवार धनराज परिमल नाथवानी को बनाया है, जो एक चर्चित उद्योग घराने से जुड़े हैं। मायावती ने कहा कि लोगों की राय में सपा का तीसरा उम्मीदवार भी पहले की तरह संभवतः ‘फेस सेविंग’ और चुनाव हारने के लिए होगा।
मायावती ने कहा कि सपा को चुनाव में वोट ‘पीडीए’ का चाहिए, लेकिन सांसद और विधायक आदि ज्यादातर अपने परिवार के लोगों और बड़े-बड़े पूंजीपतियों को बनाती है। उन्होंने कहा कि जनता को सपा के ‘पीडीए’ के बहकावे में नहीं आना चाहिए।
यूपी विधानसभा चुनाव से पहले सतर्क रहने की अपील
मायावती ने कहा कि यह कोई नई बात नहीं है, बल्कि सपा का इस तरह का दोहरा चाल, चरित्र और चेहरा हमेशा से रहा है। उन्होंने खासकर अपरकास्ट समाज के गरीबों तथा ‘बहुजन समाज’ यानी दलितों, आदिवासियों, अति-पिछड़ों, मुस्लिम और अन्य धार्मिक अल्पसंख्यक समाज के लोगों से यूपी विधानसभा आमचुनाव से पहले पूरी तरह सचेत और सतर्क रहने को कहा।
उन्होंने कहा कि इन सभी लोगों का हित अंबेडकरवादी बीएसपी में ही निहित और सुरक्षित है, जबकि बाकी सब छलावा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.