मेरठ: सीएम योगी के संभावित दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने कांवड़ मार्ग का लिया जायजा

HIGHLIGHTS
- सीएम योगी आदित्यनाथ के संभावित आगमन को लेकर मेरठ प्रशासन अलर्ट मोड में है।
- डीएम डॉ. विजय कुमार सिंह ने दुल्हेड़ा चुंगी पहुंचकर कांवड़ मार्ग की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
- साफ-सफाई, जल निकासी, बैरिकेडिंग, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की समीक्षा की गई।
मेरठ। कांवड़ यात्रा के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित आगमन को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह ने दुल्हेड़ा चुंगी पहुंचकर कांवड़ यात्रा से संबंधित व्यवस्थाओं का मौके पर जाकर जायजा लिया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने साफ-सफाई, जल निकासी, सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग और यातायात प्रबंधन की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा कर लिया जाए, ताकि कांवड़ यात्रियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने हाईवे पर नियमित सफाई व्यवस्था बनाए रखने, मार्ग से अतिक्रमण हटाने और सुरक्षा इंतजामों को मजबूत करने के निर्देश दिए। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
इसके बाद जिलाधिकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय के साथ शोभित विश्वविद्यालय पहुंचे। अधिकारियों ने विश्वविद्यालय परिसर, प्रवेश मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और यातायात प्रबंधन की जानकारी ली।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शोभित विश्वविद्यालय पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने दुल्हेड़ा चुंगी स्थित पुलिस चौकी पर खड़े होकर हरिद्वार से वापस लौट रहे शिवभक्तों पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया था।
इसी को देखते हुए इस बार भी प्रशासन मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर पूरी सतर्कता बरत रहा है। सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त सौरभ गंगवार, मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.