मेरठ: कांवड़ यात्रा की तैयारियों में जुटा प्रशासन, डीएम-एसएसपी ने मार्गों का किया निरीक्षण

HIGHLIGHTS
- कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर डीएम और एसएसपी ने सरधना-रोहटा क्षेत्र के प्रमुख कांवड़ मार्गों का निरीक्षण किया।
- प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात, सफाई, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
- बिजली लाइनों की मरम्मत, सड़क सुधार और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश जारी किए गए।
सरधना/रोहटा। आगामी कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार और एसएसपी अविनाश पांडेय ने अधिकारियों के साथ कांवड़ मार्गों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने राधना, पाली, सरूरपुर खुर्द, महाराणा प्रताप रजबहा कांवड़ पटरी मार्ग, लाहौरगढ़ पुल और पुरा महादेव कांवड़ मार्ग का दौरा किया।
सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर दिए निर्देश
डीएम ने निरीक्षण के दौरान कांवड़ यात्रियों की सुविधा, यातायात व्यवस्था, रूट डायवर्जन, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और बैरिकेडिंग की तैयारियों की समीक्षा की।
उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि यात्रा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं। ऊर्जा निगम के अधिकारियों को कांवड़ मार्गों से गुजर रही जर्जर और नीचे लटक रही हाईटेंशन व एलटी विद्युत लाइनों को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए गए।
डीएम ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
सड़कों और सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान
जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों को कांवड़ पटरी मार्ग पर विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुए हिस्सों की मरम्मत और रास्तों में बाधा बन रही पेड़ों की टहनियों को हटाने को कहा।
इसके अलावा जलाशयों, नदियों और नालों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों से गोताखोरों की सूची तैयार कर जरूरत के अनुसार उनकी तैनाती सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसएसपी ने दिए निर्देश
एसएसपी अविनाश पांडेय ने पुलिस अधिकारियों को कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बेहतर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, प्रभावी बैरिकेडिंग और रूट डायवर्जन की योजना समय से तैयार करने को कहा।
निरीक्षण के बाद प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की टीम पुरा महादेव कांवड़ मार्ग की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए रवाना हुई।
इस दौरान एसडीएम उदित नारायण सेंगर और एसडीएम सदर दीपक माथुर समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.